Post Views 51
February 10, 2026
उदयपुर/सलूंबर। सलूंबर जिला पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 10 साल से पैरोल से फरार चल रहे आजीवन कारावास के सजायाफ्ता आरोपी पदिया पुत्र राजिया मीणा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी वर्ष 2015 में उम्रकैद की सजा मिलने के बाद हाईकोर्ट जोधपुर में दायर डीबी क्रिमिनल अपील के दौरान पैरोल पर रिहा हुआ था, लेकिन इसके बाद वह फरार हो गया था। सलूंबर एसपी राजेश यादव ने बताया कि आरोपी लंबे समय से पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था और लगातार ठिकाने बदलकर छिपता रहा। हाल ही में सूचना मिली थी कि वह अपना नाम बदलकर मारवाड़ क्षेत्र में रह रहा है, जिसके बाद साइबर सेल को विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए।
आरोपी को पकड़ने के लिए साइबर सेल सलूंबर के कॉन्स्टेबल हेमेन्द्र सिंह ने अनोखी रणनीति अपनाई और पंडित का वेश धारण कर भागवत कथा आयोजित कराने के बहाने स्थानीय ठेकेदारों और मजदूरों से संपर्क किया। इसी दौरान मारवाड़ जंक्शन क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति की पहचान की गई और ठेकेदार के माध्यम से उसे बुलवाया गया। बातचीत के दौरान आरोपी की पहचान पदिया मीणा के रूप में होते ही वह मौके से भागने लगा और पत्थर फेंककर हमला करने का प्रयास किया, लेकिन कॉन्स्टेबल ने सूझबूझ और साहस दिखाते हुए लगातार पीछा कर उसे धर दबोचा। एसपी यादव ने बताया कि आरोपी पूर्व में भी कई बार फरार हो चुका है। वर्ष 2002 में वह उपकारागृह सलूंबर से सलाखें काटकर भाग निकला था और तब से उदयपुर रेंज की कई पुलिस टीमों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था। आरोपी उदयपुर के सूरजपोल थाने में भी एक मामले में वांछित था। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी को अब हाईकोर्ट में पेश किया जाएगा और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved