Post Views 51
January 29, 2026
उदयपुर | राजस्थान महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष सारिका सिंह ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा के “रोम-रोम में संविधान बदलने की मंशा समाई हुई है” और इसे समझकर महिलाओं को निर्णायक लड़ाई लड़नी होगी। वह कल शाम उदयपुर शहर महिला कांग्रेस की नवनियुक्त अध्यक्ष तारिका भानुप्रताप सिंह की कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित कर रही थीं।
100 फीट रोड स्थित अशोका ग्रीन में आयोजित कार्यक्रम में सारिका सिंह ने कहा कि भाजपा ने 2024 के चुनावों में 400 पार का नारा इसलिए दिया था ताकि संविधान में बदलाव किया जा सके। उन्होंने कहा कि भले ही भाजपा 400 पार नहीं पहुंच पाई, लेकिन संविधान बदलने की नीयत आज भी उसके एजेंडे में शामिल है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे यह समझें कि संविधान में बदलाव का मतलब गरीबों, महिलाओं और मजदूरों को मिले अधिकारों को कमजोर करना है।
मनरेगा का जिक्र करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने इसे कानूनी अधिकार बनाया था, जबकि मौजूदा सरकार योजनाओं के नाम बदलकर केवल औपचारिकताएं पूरी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अब काम की गारंटी कमजोर की जा रही है और मजदूर अपने अधिकार के लिए आवाज नहीं उठा पा रहा है।
सारिका सिंह ने महिला सशक्तिकरण, संगठन की मजबूती और जमीनी स्तर पर सक्रियता पर जोर देते हुए कहा कि संगठित महिला शक्ति ही समाज और राजनीति में सकारात्मक बदलाव ला सकती है। उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस को सिर्फ संगठन नहीं, बल्कि संघर्ष का मजबूत मंच बनना होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं उदयपुर शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिका भानुप्रताप सिंह ने कहा कि यह आयोजन महिला एकता और संगठन की मजबूती का सशक्त उदाहरण है। उन्होंने विश्वास जताया कि महिला कांग्रेस आने वाले समय में सामाजिक और राजनीतिक स्तर पर अधिक प्रभावी भूमिका निभाएगी।
इस अवसर पर महिला कांग्रेस प्रदेश संगठन महासचिव मंजू चौहान, शहर पर्यवेक्षक व प्रदेश महासचिव हितांशी शर्मा, उदयपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष फतहसिंह राठौड़, पूर्व विधायक त्रिलोक पूर्बिया, सांसद प्रत्याशी ताराचंद मीणा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम स्थल पर निःशुल्क चिकित्सा शिविर भी लगाया गया।
शपथ ग्रहण समारोह में उदयपुर शहर महिला कांग्रेस की नई कार्यकारिणी के 31 पदाधिकारियों ने शपथ ली। संगठन महासचिव के रूप में कौसर परवीन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हीना खान, ब्लॉक अध्यक्ष नेहा कुमावत और महिमा चुग, उपाध्यक्ष रेखा डांगी, शहनाज अयूब, मोनिका गुर्जर, यासमीन खान, महासचिव पलकांश राव, नीतू शर्मा, दीपिका चौधरी, कंचन कंवर तथा सचिव पद पर 16 महिलाओं को जिम्मेदारी सौंपी गई।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved