Post Views 01
January 28, 2026
उदयपुर | शहर में कल देर शाम उस वक्त दहशत फैल गई, जब जंगल से सटे इलाके में घास काट रही एक महिला पर लेपर्ड ने जानलेवा हमला कर दिया। तेंदुए ने महिला की गर्दन को अपने जबड़े में दबाने की कोशिश की, लेकिन साहस दिखाते हुए महिला ने जोर-जोर से चिल्लाकर और संघर्ष कर अपनी जान बचा ली। शोर सुनते ही तेंदुआ महिला को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। घटना उदयपुर में गोगुंदा क्षेत्र के जोगियों का गुड़ा गांव की है। यहां रहने वाली 52 वर्षीय प्यारी बाई सरकारी स्कूल के पास स्थित वन क्षेत्र में पालतू पशुओं के लिए घास काट रही थी। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे बैठे लेपर्ड ने पीछे से अचानक हमला कर दिया और महिला की गर्दन पर झपट पड़ा। अचानक हुए हमले से महिला जमीन पर गिर गई। तेंदुए के जबड़े से बचने के लिए महिला ने पूरी ताकत से छटपटाते हुए चिल्लाना शुरू कर दिया।
महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की हलचल देखकर लेपर्ड महिला को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। हमले में महिला की गर्दन पर गहरा घाव, जबकि हाथ और कंधे पर भी गंभीर चोटें आई हैं।
ग्रामीणों ने घायल अवस्था में महिला को तुरंत गोगुंदा सरकारी हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। अचानक हुए हमले से पूरे गांव में डर का माहौल बन गया है। सूचना पर वन विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। ग्रामीणों ने क्षेत्र में तेंदुए की सक्रियता को देखते हुए जल्द से जल्द पिंजरा लगाकर लेपर्ड को पकड़ने की मांग की है। तेंदुए की मौजूदगी के कारण ग्रामीणों का अकेले खेतों में काम करना और रात के समय बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved