Post Views 51
January 26, 2026
उदयपुर में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास और देशभक्ति के रंग में मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह गांधी ग्राउंड में आयोजित हुआ, जहां जनजाति क्षेत्रीय विकास एवं गृह रक्षा विभाग मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी ली।
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री खराड़ी ने राष्ट्र सेवा को सर्वोच्च कर्तव्य बताते हुए नागरिकों से देशहित में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में राज्यपाल के संदेश का वाचन भी किया गया। इस अवसर पर मंत्री बाबूलाल खराड़ी और जिला कलेक्टर नमित मेहता ने शहीद परिवारों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रीफल भेंट कर शॉल ओढ़ाई और उनके अमूल्य योगदान की सराहना की। इसके बाद शिक्षा, समाजसेवा, प्रशासन सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 75 विभूतियों को सम्मानित किया गया। समारोह का विशेष आकर्षण स्कूली बच्चों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। भारतमाता थीम पर दी गई प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। जब भारतमाता बनी बालिका ने तिरंगा लहराया, तो पूरा गांधी ग्राउंड तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
इसके साथ ही बच्चों ने ‘नो प्लास्टिक यूज’ थीम पर प्रभावशाली प्रस्तुति देकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने प्लास्टिक के दुष्प्रभावों को दर्शाते हुए आमजन से इसके उपयोग से बचने की अपील की। देशभक्ति गीतों पर आधारित नृत्य प्रस्तुतियों में बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। समारोह में सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, विधायक ताराचंद जैन, संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवल रमानी, जिला कलेक्टर नमित मेहता सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। पूरा गांधी ग्राउंड देशभक्ति, सम्मान और सामाजिक जागरूकता के संदेश से सराबोर नजर आया।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved