Post Views 21
November 20, 2025
जयपुर में गुरुवार को युवा कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च कर रहे कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तेज़ धक्का-मुक्की हो गई। पुलिस ने शहीद स्मारक पर पहले से ही बैरिकेड्स लगाकर कार्यकर्ताओं को रोकना चाहा, लेकिन गुस्साए प्रदर्शनकारी बैरिकेड्स पर चढ़ गए। इसके बाद पुलिस और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच टकराव बढ़ गया।
स्थिति बेकाबू होते देख पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके बाद युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब, प्रदेश अध्यक्ष अभिमन्यु पूनिया सहित कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
युवा कांग्रेस ने सरकार पर वोट चोरी, बदहाल कानून व्यवस्था, और फसल खराबे के मुआवजे जैसे मुद्दों को लेकर मोर्चा खोला था। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कहा कि सरकार आम जनता की समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रही।
प्रदेश अध्यक्ष अभिमन्यु पूनिया ने कहा कि आज राज्य में आम आदमी परेशान है और किसानों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा सिर्फ छापेमारी कर रहे हैं, लेकिन वास्तविक कार्रवाई नज़र नहीं आ रही। पूनिया ने हाल ही में SIR (विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण) के दौरान कार्यरत BLO के आत्महत्या के मामलों पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि “क्या 20–25 दिनों में पूरे राजस्थान में SIR करवाना संभव है?” प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस और प्रशासन स्थिति पर करीबी निगरानी बनाए हुए हैं।
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved