Post Views 71
November 5, 2025
अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेला पूर्णिमा महास्नान के साथ सम्पन्न, तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी
अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले का समापन कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को हुआ। इस अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं ने पवित्र पुष्कर सरोवर में स्नान कर पुण्य अर्जित किया।
जैसे-जैसे पूर्णिमा का समय निकट आया, पुष्कर की ओर भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। देर शाम तक लगभग तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने सरोवर में आस्था की डुबकी लगाई । श्रद्धालुओं ने रातभर सरोवर के घाटों पर भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना में समय बिताया। जैसे ही पंचांग के अनुसार पूर्णिमा का आगमन हुआ, श्रद्धालु स्नान के लिए सरोवर में उतर पड़े। मान्यता है कि सृष्टि के रचयिता ब्रह्मा ने इसी सरोवर के बीच माता गायत्री के साथ कार्तिक एकादशी से पूर्णिमा तक यज्ञ किया था, जिसके दौरान 33 करोड़ देवी-देवता पुष्कर में उपस्थित रहते हैं। इसी कारण कार्तिक माह के इन पांच दिनों का धार्मिक महत्व अत्यधिक होता है। भारी भीड़ के चलते पुष्कर कस्बे की सभी सड़के श्रद्धालुओं से भारी नजर आई ।श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद पूजा-अर्चना कर पुरोहितों को दान-दक्षिणा दी। ब्रह्मा मंदिर में दर्शन के लिए भी भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं।
वहीं, पुष्कर सरोवर के परशुराम घाट पर केबिनेट मंत्री सुरेश रावत ने प्रदेश में शांति और खुशहाली के लिए पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा पर पुष्कर आने का सौभाग्य प्राप्त हुआ, यह अत्यंत हर्ष का विषय है। उन्होंने मेले को भव्य बनाने के लिए मुख्यमंत्री और प्रशासन का आभार व्यक्त किया। इस दौरान उनके साथ पूर्व सभापति कमल पाठक, मंडल अध्यक्ष भुवनेश पाठक और भाजपा प्रवक्ता अरुण वैष्णव मौजूद रहे।
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved