Post Views 31
October 23, 2025
उदयपुर। हिरणमगरी में स्कॉर्पियो सवार कुछ बदमाशों ने एक युवक को अगवा कर उसके साथ जमकर मारपीट कर दी। थानाधिकारी भरत योगी ने बताया कि विवाद दिवाली की रात हुआ। जो इतना बढ़ गया कि युवक को जबरन अपनी कार में अगवा कर ले गए, उस पर चाकू से हमला किया और मारपीट की। घायल अवस्था में रास्ते में छोड़कर फरार हो गए। घायल ने परिजनों को सूचना दी। जिसके बाद उसे निजी हॉस्पिटल भर्ती कराया है। इधर, मामले को लेकर समाज के लोग आक्रोशित हो गए। उन्होंने थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने 2 आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने बताया कि दिवाली की रात हिरणमगरी स्थित बंजारा बस्ती में संजय बंजारा कुछ साथियों के साथ पटाखे फोड़ रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से एक काले रंग की स्कॉर्पियो कार वहां से गुजरी। संजय ने कार धीरे चलाने की बात कही। इस पर कार सवार भड़क गए और दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। बदमाश संजय को अपनी में बैठाकर केवड़े की नाल की तरफ ले गए। उस पर चाकू से हमला किया। जिससे उसके सिर, चेहरे और हाथ पर गहरे घाव हो गए। इसके बाद थाने के बाहर बंजारा बस्ती से कई लोग पहुंचे। माहौल गर्माया तो ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ और कांग्रेस जिलाध्यक्ष फतेहसिंह राठौड़ भी पहुंचे। फतेह सिंह राठौड़ ने इस घटना को प्रशासन की नाकामी बताया और कहा कि गरीब दलित युवक को घर से उठाकर इस तरह से पीटना बेहद निंदनीय है।
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved