Post Views 11
October 22, 2025
अजमेर लिख रहा है विकास की नई कहानी – श्री वासुदेव देवनानी
दीपावली स्नेह मिलन समारोह में पत्रकारों के साथ की चर्चा
अजमेर, 22 अक्टूबर। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने बुधवार को होटल क्लार्क्स में आयोजित दीपावली स्नेह मिलन समारोह में शहर के पत्रकारों से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विदेश दौरे के अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि विकसित देशों में व्यवस्था, अनुशासन और नागरिक जिम्मेदारी का उच्च स्तर देखने को मिला जो हमारे लिए प्रेरणादायक है।
उन्होंने कहा कि बारबाडोस जैसे छोटे देश से लेकर ब्रिटेन और जर्मनी जैसे विकसित राष्ट्रों में यातायात व्यवस्था अत्यंत सुव्यवस्थित है। वहां आम नागरिक से लेकर उच्च पदस्थ व्यक्ति तक ट्रैफिक नियमों का समान रूप से पालन करते हैं और किसी भी विशेष व्यक्ति को प्राथमिकता नहीं दी जाती। जर्मनी में उन्होंने पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से लोगों को साइकिल पर चलते हुए देखा जो वहां की जनचेतना का उदाहरण है।
श्री देवनानी ने कहा कि लंदन सहित अन्य देशों में भारतीय संस्कृति की गहरी छाप दिखाई दी । उन्होंने वहां भारतीय प्रवासियों द्वारा आयोजित गरबा कार्यक्रम, रावण दहन और रामलीला मंचन में भाग लिया। इसे देख कर भारत जैसी ही सांस्कृतिक अनुभूति मिली। उन्होंने कहा कि लंदन में आंबेडकर , वीर सावरकर भवन सहित गांधीजी जैसी देश की स्वतंत्रता में विदेश में सक्रिय भारतीय विभूतियों की प्रतिमा के समक्ष विदेश गए भारतीय श्रद्धा सुमन अर्पित करते हैं। इससे यह अनुभव होता है कि भारतीयता ने विश्व के हर कोने में अपनी पहचान बनाई है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक शक्ति का वैश्विक केंद्र बनेगा। जिस प्रकार इस्लाम में मक्का-मदीना और ईसाई धर्म में वेटिकन की प्रतिष्ठा है, उसी प्रकार अयोध्या भारतीय संस्कृति के गौरव का प्रतीक बनेगी।
उन्होंने विभिन्न देशों की शासन प्रणालियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत का लोकतंत्र सबसे सुव्यवस्थित और सशक्त है। भारत जैसा व्यापक, सर्वसमावेशी संविधान और पारदर्शी चुनाव प्रणाली किसी अन्य देश में नहीं है। जहां कई देशों में राजनीतिक अस्थिरता और गठबंधन टूटने जैसी स्थितियाँ देखने को मिलती हैं, वहीं भारत में स्थिर शासन व्यवस्था ने लोकतंत्र को मजबूती प्रदान की है।
श्री देवनानी ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि ब्रिटिश म्यूज़ियम में अनेक भारतीय कलाकृतियाँ और वस्तुएँ संरक्षित हैं। यहां तक कि बारबाडोस संसद भवन में अध्यक्ष की कुर्सी भारत से भेंटस्वरूप भेजी गई थी। जिस पर वहां के स्पीकर सम्मानपूर्वक बैठते हैं । यह भारत की प्रतिष्ठा का प्रतीक है।
अजमेर के विकास पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि इस दीपावली पर शहरवासियों में नई ऊर्जा और उत्साह देखा गया । जीएसटी दरों में कमी सहित अन्य कारण से बाजारों में रौनक बढ़ी है। शहर के मुख्य बाजारों और चौपाटी क्षेत्रों में आकर्षक लाइटिंग सजावट की गई । उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी में पारंपरिक त्योहारों के प्रति जुड़ाव और भागीदारी उत्साहवर्धक है।
उन्होंने कहा कि अजमेर को राज्य के केंद्र में लाने के लिए प्राप्त विभिन्न सुझावों पर योजनाबद्ध रूप से कार्य प्रारंभ किया गया है। शहर के प्रवेश द्वार एंट्रेंस प्लाज़ा के निर्माण से आगंतुकों को श्रेष्ठ अनुभव मिलेगा। साथ ही विद्युत आपूर्ति को सुदृढ़ करने के लिए नए जीएसएस की स्थापना की जाएगी। पेयजल व्यवस्था में सुधार हुआ है और सड़क नेटवर्क से शहर के सभी क्षेत्रों को जोड़ा जा चुका है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि आगामी बजट के लिए अजमेर के विकास से संबंधित प्रस्ताव भिजवाए। इस पर विचार कर उन्हें राज्य सरकार के समक्ष रखा जाएगा। इससे पूर्व में प्राप्त प्रस्तावों में आईटी पार्क, कन्वेंशन सेंटर और अन्य आधारभूत परियोजनाओं पर कार्य आरंभ हो चुका है। उन्होंने कहा कि जनसहयोग से अजमेर को स्मार्ट, स्वच्छ और श्रेष्ठ बनाने का लक्ष्य साकार होगा।
इस अवसर पर श्री देवनानी ने मीडियाकर्मियों के साथ स्नेहपूर्वक संवाद करते हुए दीपावली की शुभकामनाएँ दीं और सभी के साथ प्रीतिभोज किया।
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved