Post Views 41
October 23, 2025
उदयपुर। जिले में दोस्त के साथ शराब पीकर ससुराल पहुंचे युवक की हत्या कर दी गई। दोनों दोस्तों में और शराब पीने को लेकर झगड़ा हुआ। बहस के बाद चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना बेकरिया थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने बताया कि चाकू के हमले से वालाराम गरासिया की मौत हो गई। वालाराम और उसका दोस्त सुरेश पिंडवाड़ा थाना क्षेत्र के हिमावा गांव के रहने वाले है। आरोपी सुरेश अपने दोस्त वालाराम के साथ उसके ससुराल तेजाकावास आया था। इस दौरान दोनों ने रास्ते में शराब पी थी। वालाराम के ससुराल में भी सुरेश ने हाइवे पर चलकर शराब पीने की जिद की थी। इस पर वालाराम ने मना कर दिया। इसके बाद दोनों दोस्त आपस में झगड़ते रहे। गुस्से में आकर सुरेश ने चाकू से वालाराम पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। चिल्लाने की आवाज सुनकर घर में मौजूद अन्य परिजन भी पहुंचे। तब तक वालाराम की मौत हो गई। ग्रामीणों ने मौके से सुरेश को पकड़कर देर रात को बेकरिया पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में आरोपी सुरेश गरासिया ने शराब के नशे में हत्या करना कबूल किया है। आरोपी का कहना है कि वह वालाराम के साथ मालवा का चौराहे पर जाकर और शराब पीना चाहता था। दोनों में इस बात पर बहस के बाद झगड़ा हुआ था। वालाराम की पत्नी 7 दिन पहले अपने पीहर आई थी। उसे लेने के लिए बाइक पर वालाराम सुरेश के साथ ससुराल आया था।
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved