Post Views 41
October 9, 2025
उदयपुर। शहर में नगर निगम की ओर आयोजित दीपावली मेला 9 अक्टूबर से शुरू होगा। हर बार की तरह पहले 2 दिनों में स्थानीय प्रतिभा नाइट होगी। इसके बाद अलग-अलग 4 दिनों तक कार्यक्रम होंगे। इस बार कवि सम्मेलन के बजाय महाआरती का आयोजन रखा गया हैं। 4 दिन के प्रोग्राम के बाद भी 23 अक्टूबर तक दुकानें और झूले संचालित रहेंगे। निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि मेले में दुकानें और झूले लगाने से निगम को कुल 1 करोड़ 86 लाख रुपए की आय हुई हैं। मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कलाकारों के चयन में विशेष ध्यान रखा गया। यही नहीं सांस्कृतिक संध्याओं के लिए अतिथियों का चयन कर लिया गया है। सांस्कृतिक संध्याओं के लिए विशाल मंच तैयार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि दुकानों को इस तरह लगवाया है, ताकि जनता को किसी भी दिक्कत का सामना नहीं करना पड़े। इमरजेंसी स्थिति के लिए फायर बिग्रेड के निकलने के लिए वेलकम गेट का विशेष ध्यान रखा गया है, उन्हें ऊंचा बनाया गया है, जिससे फायर बिग्रेड को निकलने में कोई दिक्कत नहीं हो। निगम परिसर में जगह-जगह प्रोजेक्टर लगाए जाएंगे, जहां पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण किया जाएगा। ग्राउंड में झूले, पीछे के ग्राउंड में खाने-पीने व अलग-अलग उत्पादों की दुकानें लगवाई है। मेले में 13 अक्टूबर को स्वर और विरासत कार्यक्रम के अंतर्गत इंडियन ओशियन बैंड व मांगणियार चिल्ड्रन ग्रुप विरासत संस्था की ओर से प्रस्तुति दी जाएगी। 14 अक्टूबर को रंग, रोशनी और राग कार्यक्रम में सचेत टंडन, परंपरा ठाकुर अपनी प्रस्तुति देंगे। 15 अक्टूबर को भक्ति वन्दना कार्यक्रम के अन्तर्गत लखबीर सिंह लक्खा एवं स्वाति मिश्रा द्वारा अपनी प्रस्तुति देंगे। 16 अक्टूबर को महाआरती का आयोजन जाएगा।
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved