Post Views 111
October 9, 2025
उदयपुर। एक महिला की मौत के बाद मौताणे की मांग को लेकर पीहर पक्ष के करीब 40 लोगों ने 4 घरों आग लगा दी। बदमाशों ने महिला के ससुराल के घरों में घुसकर पहले तोड़फोड़ और लूटपाट की। घर में मौजूद लोग भनक लगते ही जंगल की तरफ भाग गए। आरोप है कि इस दौरान फायरिंग भी की गई। घटना बेकरिया थाना क्षेत्र के जाबुआ खुना गांव में देर रात की है। इसके बाद सुबह तक दहशत का माहौल बना रहा। सूचना पर बेकरिया थानाधिकारी उत्तमसिंह मेड़तिया जाब्ते के साथ पहुंचे और घटना की जानकारी ली। घटना स्थल के आसपास पुलिस जाब्ता तैनात है। थानाधिकारी उत्तमसिंह ने बताया कि घटना में 4 केलूपोश घर जले हैं। इनके अंदर रखा राशन, कपड़े आदि सामान भी जल गया। वारदात को अंजाम देने वाले 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनसे पूछताछ की जा रही है। बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने बताया कि गत दिनों जाबुआ खुना निवासी सोमा गरासिया की पत्नी भूरी बाई गरासिया घास लेने गई थी। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश में निकले। बाद में महिला जंगल में बेहोश हालात में पड़ी मिली। यहां से परिजन उसे निजी वाहन से बेकरिया हॉस्पिटल लाए। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत के बाद पीहर पक्ष ने मौताणे की मांग करते हुए घटना को अंजाम दिया।
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved