Post Views 11
June 2, 2025
संभल। बॉलीवुड अभिनेत्री से आध्यात्मिक मार्ग पर आईं किन्नर अखाड़ा की महामंडलेश्वर ममता कुलकर्णी रविवार को पहली बार संभल के कल्कि धाम पहुंचीं। दिल्ली से लगभग डेढ़ करोड़ की लग्जरी कार में सुबह 11 बजे आगमन के बाद, पुजारियों ने उनका भव्य स्वागत मंत्रोच्चार और फूलवर्षा के साथ किया। उन्हें पीले रंग का पटका पहनाया गया और रुद्राक्ष की मालाओं से सजे गले के साथ वे कल्कि धाम में मुख्य यजमान के रूप में शिलापूजन में सम्मिलित हुईं।
ममता ने पूजा के दौरान स्वयं भी वैदिक मंत्रोच्चारण किया और बाद में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने सनातन धर्म, कलियुग, धर्म-अधर्म और वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य पर खुलकर बातें कीं। उन्होंने कहा कि “समाधि के दौरान मुझे कल्कि अवतार के दर्शन हुए थे। वे अमर हैं और सह्याद्रि पर्वत पर वर्षों से तप कर रहे हैं।”
ममता ने बताया कि कलियुग भी समुद्र मंथन की तरह एक आध्यात्मिक युद्ध है, जिसमें देव और असुर, धर्म और अधर्म के बीच संघर्ष जारी है। उन्होंने चेताया कि जब धर्म पूरी तरह से नष्ट हो जाएगा, तभी कलियुग चरम पर होगा। “प्रकृति के साथ जो अत्याचार हुआ है, अब उसका प्रतिफल सामने आ रहा है,” उन्होंने कहा।
अपने बयानों में उन्होंने इतिहास और राजनीति को भी जोड़ा। ममता ने कहा, “मुगलों ने वर्षों भारत पर राज किया और मंदिरों को ध्वस्त किया। अगर वे फिर लौटे, तो वही इतिहास दोहराया जाएगा।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना करते हुए कहा, “दोनों पर महाकाल की कृपा है। वे सनातन धर्म के प्रचार और रक्षा में महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं।”
ममता कुलकर्णी ने करीब डेढ़ घंटे तक कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम् से मुलाकात की और कल्कि धाम के भव्य निर्माण की योजना पर चर्चा की। कुल मिलाकर वह 5 घंटे 40 मिनट कल्कि धाम में रहीं और शाम 4:55 बजे रवाना हो गईं।
Satyam Diagnostic Centre
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved