Post Views 91
June 25, 2025
पुष्कर सरोवर में स्नान के दौरान युवक की डूबने से मौत, पुरोहितों की चेतावनी को किया नजरअंदाज
तीर्थनगरी पुष्कर से रविवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां पुष्कर सरोवर में स्नान के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गजेंद्र सिंह (27) पुत्र पप्पू सिंह निवासी नीमड़ी रलावता के रूप में हुई है। वह अपने साथी सांवर सिंह के साथ पुष्कर भ्रमण पर आया था और गऊ घाट पर स्नान कर रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों युवक एक घंटे से अधिक समय से सरोवर में स्नान कर रहे थे। इस दौरान स्थानीय तीर्थ पुरोहितों ने उन्हें सरोवर के गहरे पानी में न जाने की चेतावनी दी, लेकिन उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया। कुछ ही देर में गजेंद्र गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथी सांवर सिंह ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुष्कर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई छीतरमल वैष्णव, सिविल डिफेंस सदस्य किशनलाल जाट और अमरचंद सहित पुलिस टीम ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और गजेंद्र को सरोवर से बाहर निकाला। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। उसे मृत अवस्था में बाहर निकाला गया। इस दर्दनाक हादसे के बाद सरोवर क्षेत्र में शोक का माहौल है। तीर्थ पुरोहितों और स्थानीय लोगों ने इस घटना को प्रशासन की लापरवाही करार देते हुए सरोवर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि हर वर्ष बारिश के मौसम में जलस्तर बढ़ने के कारण डूबने की घटनाएं होती हैं, लेकिन फिर भी घाटों पर सिविल डिफेंस कर्मियों की स्थाई तैनाती नहीं की जाती। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि प्रशासन इस तरह की घटनाओं को गंभीरता से ले और सरोवर घाटों पर समुचित सुरक्षा व्यवस्था, चेतावनी बोर्ड और प्रशिक्षित तैराकों की तैनाती सुनिश्चित की जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved