Post Views 11
May 29, 2025
उदयपुर। महाराणा प्रताप की 485वीं जयंती के उपलक्ष्य में शहर में धूमधाम से शोभायात्रा निकाली गई। बजरंग दल मेवाड़ की तरफ से फतहसागर स्थित मोती मगरी स्मारक पर महाराणा प्रताप की विशेष पूजा की गई और प्रताप को श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद चेतक सर्कल से शोभायात्रा प्रारंभ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में शहरवासियों ने भाग लिया। शोभायात्रा में अखाड़ा प्रदर्शन किया गया, वहीं प्रताप की प्रतिमा पर लोगों ने पुष्प वर्षा की। शहर के अलग- अलग क्षेत्रों से होते हुए शोभायात्रा नगर निगम प्रांगण में समाप्त हुई। जहां सभा का आयोजन किया गया। यहीं नहीं इससे पहले अल सुबह मेवाड़ पूर्व राजपरिवार के सदस्य डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने मोती मगरी में महाराणा प्रताप की पूजा की और 485 किलो लड्डू का भोग चढ़ाया। शोभायात्रा के बाद नगर निगम में सभा हुई। सभा में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत पहुंचे। शेखावत ने महाराणा प्रताप के शौर्य और पराक्रम के बारे में संबोधित किया। उन्होंने इतिहास में महापुरुषों को उचित स्थान नहीं मिलने के बयान पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि हल्दी घाटी में प्रताप विजयी हुए, वहां पराजित बताया। दिवेर के युद्ध को इतिहास के पन्नों से हटा दिया गया। इसलिए इतिहास को सही संदर्भों में लिखने की आवश्यकता है।
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved