Post Views 81
April 28, 2025
शांति समिति की बैठक आयोजित ,आपसी सौहार्द बनाए रखने में रहे सबका सहयोग - जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु
अजमेर, 28 अप्रैल। जिला शांति समिति की बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने की। जिला पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा ने शांति समिति के सदस्यों के साथ वार्तालाप कर क्षेत्र की जानकारी ली।
जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने कहा कि क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा क्षेत्र पर लगातार नजर रखी जा रही है। शांति समिति के सदस्य क्षेत्र की गतिविधियों की जानकारी रखते हैं। किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना स्थानीय पुलिस एवं प्रशासन को तत्परता के साथ उपलब्ध करानी चाहिए। सार्वजनिक एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सावधानी रखी जाए। विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे कार्यशील रहने चाहिए। असामाजिक तत्वों की गतिविधि पर सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जा सकती है।
उन्होंने कहा कि शांति समिति के सदस्य समाज में सकारात्मक वातावरण निर्माण करने में महत्वपूर्ण योगदान प्रदान करते है। कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह आवश्यक है। सोशल मीडिया पर कई प्रकार की प्रतिक्रियाएं आती है। उनमें से नियम विरूद्ध प्रतिक्रियाएं रोकी जानी चाहिए। सम्बन्धित व्यक्ति से समझाईश कर इन्हें प्लेटफॉर्म से हटाने की कोशिश करें। कानून एवं शान्ति व्यवस्था को बिगाड़ने वालों के विरूद्व सख्ती के साथ विधिक कार्यवाही की जाएगी।
जिला पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा ने कहा कि जिले में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। इसके लिए आमजन का सहयोग भी आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ एवं भ्रामक सामग्री साझा करने से बचें। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए सभी को कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करना होगा। यदि कोई व्यक्ति शांति भंग करने का प्रयास करता है, तो पुलिस प्रशासन उसके विरुद्ध सख्त और न्यायसंगत कार्रवाई करेगा।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य निभाना चाहिए। युवाओं को अपनी ऊर्जा सही दिशा में लगानी चाहिए। किसी की भावनाओं एवं आस्थाओं पर ठेस पहुंचाने वाले के विरूद्ध विधिक कार्यवाही की जाएगी। असामाजिक तत्व सोशल मीडिया के माध्यम से भी अफवाह फैला सकते है। इससे बचने की आवश्यकता है। सोशल मीडिया से प्राप्त सूचना का सत्यापन प्रामाणिक स्त्रोतों से करने के उपरान्त ही उपयोग में लेना चाहिए।
अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट श्री गजेन्द्र सिंह राठौड़ द्वारा परशुराम जयन्ती के कार्यक्रमों के सम्बन्ध में चर्चा की गई। शांति समिति के सदस्यों ने इस दौरान विभिन्न सुझाव भी दिए। श्री कमल गंगवाल ने मुंह ढ़ककर वाहन चलाने वालों पर कार्यवाही करने की आवश्यकता बताई। इसी प्रकार तेज गति से वाहन चलाने वालों के विरुद्ध अभियान चलाकर कार्यवाही की जाएगी।
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved