Post Views 51
November 29, 2022
पुलिस उप अधीक्षक मसूदा ने दिलाई सिंगावल में 60 सड़क सुरक्षा अग्रदूत को शपथ
अन्नपूर्णा मंदिर सड़क पर पंचवटी सघन वृक्षारोपण का हुआ शुभारम्भ
अजमेर, 29 नवम्बर। आवास फाइनेंसियर्स लिमिटेड, राजस्थान सड़क सुरक्षा सोसायटी, परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग, अजमेर तथा ग्रांम पंचायत सिंगावल के संयुक्त तत्वाधान में हेलमेट प्रोत्साहन, शिक्षा, जागरूकता एवं अनिवार्यता अभियान के तहत सड़क सुरक्षा अग्रदूत प्रशिक्षण एवं हेलमेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रादेशिक परिवहन अधिकारी डॉ. वीरेन्द्र सिंह राठौड ने बताया कि आवास फाइनेंसियर्स लिमिटेड, राजस्थान सड़क सुरक्षा सोसायटी, परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग, अजमेर तथा ग्रांम पंचायत सिंगावल के संयुक्त तत्वाधान में हेलमेट प्रोत्साहन, शिक्षा, जागरूकता एवं अनिवार्यता अभियान के तहत सड़क सुरक्षा अग्रदूत प्रशिक्षण एवं हेलमेट वितरण कार्यक्रम आयोजित हुआ।इसमें प्रशिक्षण के उपरांत सिंगावल ग्रांम पंचायत के 60 युवाओं ने सड़क सुरक्षा अग्रदूत के रूप में शपथ ली। प्रशिक्षण के दौरान सभी ग्राम वासियों से आह्वान किया गया कि अपनी ग्राम पंचायत को हेलमेट युक्त, रिफ्लेक्टिव युक्त, लाईसेंस युक्त, दुर्घटना मुक्त एवं सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने में आगे रहने वाली पंचायत बनाया जाए। साथ ही मुख्यमंत्री चिरंजीवी जीवन रक्षक योजना, मुख्यमंत्री सड़क सुरक्षा योजना, गुड सेमेरिटन राष्ट्रीय प्रोत्साहन योजना के तहत घायलों की मदद करने के लिए आगे आने की अपील की। इससे सड़क दुर्घटनों में घायल व्यक्तियों की जान बचायी जा सकेगी।
ग्राम पंचायत सरपंच रघुनाथ गुर्जर ने सभी अतिथियों का हार्दिक स्वागत करते हुए राजस्थानी परम्परा से स्वागत किया तथा आवास फाइनेंस लिमिटेड के सीएसआर टीम का आभार व्यक्त किया तथा सिंगावल ग्राम पंचायत को हरा-भरा तथा सुरक्षित पंचायत बनाने के लिए ग्रामीणों से अपील की। सोसायटी की परियोजना सह समन्वयक पूजा चौधरी ने कहा कि सोसायटी द्वारा अबतक 9 लाख से अधिक व्यक्तियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया है। हेलमेट प्रोत्साहन योजना के तहत अबतक 41 हजार व्यक्तियों को ब्राण्डेड हेलमेट दिए गए है। इसमें से आवास फाइनेंसियर्स लिमिटेड के सीएसआर पहल के तहत 8 हजार 500 हेलमेट दिए जा चुके है। इस अभियान की थीम मेरा गांव-मेरी पहल, युवा सुरक्षित-देश सुरक्षित, युवा जाग्रत-देश जाग्रत, सर सलामत तो सब सलामत के तहत अभियान चलाया जा रहा है।
सोसायटी की कार्यकारी प्रिया सैनी ने अन्नपूर्णा मंदिर के द्वार से मंदिर तक सघन वृक्षारोपण एवं 51 पंचवटी के तहत 1500 वृक्ष ग्राम पंचायत तथा आवास फाइनेंसियर्स लिमिटेड के सहयोग से आधुनिक पद्धति से लगाने के बारे में बताया। पुलिस उप अधीक्षक मसूदा श्री ईश्वर सिंह चौधरी ने ग्राम पंचायत को दुर्घटना मुक्त बनाने के साथ-साथ अपराध मुक्त करने की अपील की। सोसायटी एवं आवास कम्पनी तथा ग्राम पंचायत के इस कार्य की सराहना की एवं सड़क सुरक्षा अग्रदूतों को शपथ दिलाई।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved