Post Views 11
November 18, 2022
जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित
अजमेर 18 नवम्बर। जिला कलक्टर अंश दीप की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक शुक्रवार को आयोजित हुई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनुज कुमार पिंगोलिया ने बताया कि जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला कलक्टर श्री अंशदीप द्वारा की गई । बैठक में सभी बीसीएमओ, पीएमओ एवं चिकित्सा अधिकारी प्रभारी सीएससी, पीएचसी तथा शहरी क्षेत्र के चिकित्सा अधिकारी प्रभारी की विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों की प्रगति पर समीक्षा की गई।
डॉ. पिंगोलिया ने सभी चिकित्सा अधिकारियों को अपने संस्थान में निःशुल्क दवा योजना और जांच योजना के अंतर्गत सभी दवाओं की उपलब्धता तथा जांच में काम आने वाले रसायन के उपकरणों की सुनिश्चितता करने के निर्देश दिए। मौसमी बीमारियों के संदर्भ में सभी को मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए सर्वे तथा एंटी लारवा एवं एंटी एडल्ट गतिविधि समय-समय पर अपने क्षेत्र में करने के निर्देश दिए। चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक क्लेम बुक करने एवं आमजन को इस योजना का समय पर लाभ दिलवाने के निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एस. जोधा द्वारा सभी चिकित्सा अधिकारियों को 21 नवंबर से 4 दिसंबर तक चलाए जाने वाले पुरुष नसबंदी पखवाड़े के बारे में विस्तार पूर्वक बताया। उन्होंने सभी चिकित्सा अधिकारी प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्र में पुरुष नसबंदी के योग्य दंपतियों को प्रेरित करें। उन्होंने बताया कि पुरुष नसबंदी मे किसी भी प्रकार की सर्जरी आदि नहीं की जाती। इसमें समय भी कम लगता है। जबकि महिला नसबंदी में सर्जरी आदि की जाती है जिससे कई बार महिलाओं को गंभीर समस्या का सामना भी करना पड़ सकता है। महिला नसबंदी से पुरुष नसबंदी अधिक सुरक्षित है।इसी के साथ उन्होंने परिवार कल्याण संबंधी सभी लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के भी दिशा निर्देश दिए।
बैठक में उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर. एस. किराड़िया एवं गैर संचारी रोग के समन्वयक डॉ. श्रीराम शर्मा द्वारा एनसीडी पोर्टल पर सभी चिकित्सा अधिकारियों को डाटा समय पर सही तरीके से अपलोड कराने के निर्देश दिए।लेप्रोसी रोग के अंतर्गत वर्ष में चलाए जाने वाले दूसरे राउंड के बारे में सभी को विस्तारपूर्वक समझाया। इस राउंड के दौरान सभी लेप्रोसी केसेस का सर्वे किया जाएगा। अन्य कोई नया केस हो तो उसे इंद्राज किया जाना के संबंध में विस्तार पूर्वक बताया गया।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved