Post Views 11
October 14, 2022
वीरांगनाओं का किया श्री बाजिया ने सम्मान
अजमेर, 14 अक्टूबर। राज्य स्तरीय सैनिक कल्याण सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष श्री रामसहाय बाजिया ने सैनिक कल्याण भवन में वीरांगनाओं का सम्मान किया।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कैप्टन अशोक तिवारी ने बताया कि शुक्रवार को राज्य स्तरीय सैनिक कल्याण सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष श्री रामसहाय बाजिया ने जिला सैनिक कल्याण कार्यालय में वीरांगनाओं का सम्मान किया। साथ ही पूर्व सैनिकों के साथ सैनिक कल्याण के सम्बन्ध में चर्चा की गई। सैनिकों ने विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखी। इनके समाधान के लिए सम्बन्धित स्तर पर सम्पर्क कर निस्तारण का आश्वासन दिया।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में जिले की वीरांगनाओं का सम्मान किया गया। इसमें शहीद लांस नायक श्री शंकर सिंह राठौड़ की पत्नी श्रीमती रेखा कंवर, शहीद उप निरीक्षक श्री दीपेन्द्र सिंह राठौड़ की पत्नी श्रीमती रिंकू कंवर, शहीद नायक दयाल चन्द गुर्जर की पत्नी श्रीमती गुमान देवी, सेना मेडल प्राप्त शहीद एच. एम. टी. क्रिस्टोफर की पत्नी श्रीमती वेलेरी रोज एडवर्ड तथा श्रीमती फून्दी पत्नी मंगला एवं श्रीमती गुलाबी बानोें पत्नी जफरू का शाल ओढ़ाकर पुष्प गुच्छ प्रदान कर सम्मानित किया गया।
राज्य स्तरीय सैनिक कल्याण सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष श्री राम सहाय बाजिया ने कहा कि सरकार सैनिकों की समस्याओं के निस्तारण के लिए संवेदनशील है। राज्य सरकार की भर्ती प्रक्रिया में सैनिकों के लिए निर्धारित आरक्षण का पूरा लाभ मिलना सुनिश्चित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त अन्य समस्याओं का भी समाधान होगा। सैनिक परिवारों की बेहतरी के लिए प्रत्येक स्तर पर कार्य होंगे।
सैनिक कल्याण विभाग के निदेशक श्री वी.एस. राठौड़ ने कहा कि शान्ति काल में अपनी जान न्यौछावर करने वाले सैनिकों के परिजनों के लिए अनुकम्पा नियुक्ति का प्रावधान करने के लिए सक्षम स्तर से चर्चा चल रही है। राजस्थान एक्स सर्विसमैन कोर्पोरेशन के माध्यम से नियुक्त कार्मिकों का वेतन पूर्व के मुकाबले में 30 प्रतिशत बढाया गया है। इसे बढाकर अन्य समतुल्य सेवाओं के स्तर तक लाने के प्रयास किए जा रहे है।
इस अवसर पर जिले के साथ-साथ संभाग के भूतपूर्व सैनिक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved