Post Views 11
October 14, 2022
ऋषि घाटी स्थित सत्यनारायण भगवान मंदिर के पुजारी गोविंद नारायण शर्मा की दौरान इलाज हुई मौत
पुजारी की मौत से सर्व ब्राह्मण समाज में आक्रोश, केसर बाग पुलिस चौकी परिसर में शुरू किया धरना
श्री अग्रवाल पंचायत मारवाड़ी धड़े के ऋषि घाटी स्थित सत्यनारायण भगवान के प्राचीन मंदिर में पिछले 50 वर्षों से पूजा सेवा कर रहे पुजारी गोविंद नारायण शर्मा का आत्मदाह के उपरांत दौरान इलाज निधन हो गया।
पुजारी गोविंद नारायण शर्मा ने आत्मदाह से पूर्व लिखें सुसाइड नोट में अपनी मौत का जिम्मेदार मंदिर प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष नरेंद्र डीडवानिया, प्रमोद डीडवानिया, रितेश कंदोई और सुशील को बताया था जिनके खिलाफ अब गिरफ्तारी की मांग को लेकर ब्राह्मण समाज आंदोलन पर उतर गया है। बजरंगढ़ चौराहा स्थित केसर बाग पुलिस चौकी परिसर में पुजारी के निधन की खबर के बाद ब्राह्मण समाज के लोगों ने धरना प्रदर्शन करते हुए पुजारी के परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा देने,चारों नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी और पुजारी के पौत्र भरत शर्मा को नया पुजारी घोषित करने की मांग की है।
वहीं पुलिस के आला अधिकारी, गंज थाना प्रभारी धर्मवीर सिंह दोनों पक्षों के बीच समझाइश और सामंजस्य बिठाने के प्रयत्न कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि 60 वर्षीय पुजारी गोविंद नारायण शर्मा ने मंदिर से बेदखल करने के आरोप लगाने के साथ ही परिवार की महिलाओं के साथ बदसलूकी के आरोप भी लगाए थे। साथ ही मंदिर प्रबंधन कमेटी के लोगों द्वारा की गई अभद्रता और लड़ाई झगड़े से परेशान होकर उन्होंने 11 अक्टूबर को केरोसिन छिड़ककर आत्मदाह कर लिया था। जिसके बाद झुलसी हुई अवस्था में उनका उपचार जेएलएन अस्पताल में जारी था जहां गुरुवार रात उनका निधन हो गया।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved