Post Views 101
August 23, 2022
तीर्थ नगरी पुष्कर में सरोवर में डूबने से श्रद्धालुओं की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा । लगातार दूसरे दिन सोमवार को 18 वर्षीय मध्य प्रदेश निवासी उदित कलजोरिया की सरोवर के गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई । रविवार को बैठक आयोजित कर सुबे की देवस्थान मंत्री शकुंतला रावत ने अधिकारियों को पुष्कर सरोवर में सुरक्षा व्यवस्थाएं पुख्ता करने के निर्देश भी दिए थे । उसके बावजूद सरोवर पर सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए । जिसके चलते फिर एक श्रद्धालु काल का ग्रास बन गया । श्रद्धालु की मौत के बाद जिला प्रशासन चैता । जिला कलेक्टर अंशदीप और जिला पुलिस कप्तान चुनाराम जाट ने पुष्कर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया । जगतपिता ब्रह्मा मंदिर की अस्थाई प्रबंधन समिति के अध्यक्ष जिला कलेक्टर अंशदीप ने मंदिर परिसर में बैठक आयोजित कर वर्तमान में चल रहे रामदेवरा के भाद्रपद मेले और आगामी कार्तिक पुष्कर मेले को लेकर बैठक आयोजित की । बैठक के दौरान पुष्कर के तमाम सरकारी कार्यालयों से जुड़े अधिकारियों सहित उपखंड अधिकारी सुखाराम पिंडेल मौजूद रहे । इसके बाद जिला कलेक्टर और जिला पुलिस कप्तान पुष्कर सरोवर पर व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे । जहां तीर्थ पुरोहितों ने सरोवर की समस्याओं से प्रशासन को अवगत करवाया । तीर्थ पुरोहित संघ के प्रतिनिधियों ने 1 महीने पूर्व दिए ज्ञापन का हवाला देते हुए कहा कि पूर्व में ही प्रशासन को भारी भीड़ की आवक से अवगत कराते हुए सरोवर के घाटों पर स्थाई गोताखोरों की नियुक्ति सहित साफ सफाई जैसे मूलभूत आवश्यकताओं की व्यवस्था करने को लेकर निवेदन किया जा चुका था । बावजूद इसके स्थानीय प्रशासन ने लापरवाही पूर्ण रवैया अख्तियार करते हुए कोई व्यवस्था नहीं की । जिला कलेक्टर ने पत्रकारों से बातचीत करने के दौरान कहा कि स्थानीय प्रशासन को इन समस्याओं के त्वरित निस्तारण के आदेश दे दिए गए हैं । जिला पुलिस कप्तान चूनाराम जाट ने कहा कि हाल की घटनाओं को देखते हुए स्थाई रूप से 10 एसडीआरएफ के जवान की तैनाती पुष्कर सरोवर पर कर दी गई है। साथ ही आपदा प्रबंधन के 6 अतिरिक्त स्वयंसेवकों को पुष्कर सरोवर पर तैनात किया गया है । इसके अलावा पुलिस का 50 जवानों का अतिरिक्त जाब्ता, 10 यातायात पुलिस के जवान भी लगाए गए हैं, भीड़ बढ़ने पर और जवानों की तैनाती की जाएगी ।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved