Post Views 61
August 22, 2022
सोमवार को अजमेर में छात्रसंघ चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किए गए। इस दौरान राजकीय विधि महाविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के छात्रों के बीच मामूली सी बात को लेकर हंगामा हो गया। इस बीच कुछ उपद्रवी छात्रों द्वारा एनएसयूआई के छात्र साथी की कार का कांच तोड़ने की घटना भी हुई। एनएसयूआई लॉ कॉलेज इकाई अध्यक्ष कोमल ने आरोप लगाया कि एबीवीपी के छात्रों ने उनके साथ गाली-गलौच और धक्का-मुक्की की ओर उनके वाहन के कांच तोड़ दिए और हाथ पैर तोड़ने की धमकी दी गई।वहीं एनएसयूआई से अध्यक्ष पद के प्रत्याशी दिनेश जाट ने आरोप लगाया कि एबीवीपी के अध्यक्ष प्रत्याशी राजेंद्र कालस के खिलाफ आपत्ति लगाने आए थे जिससे बौखला कर एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने उनके साथ झगड़ा शुरू कर दिया। लॉ कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष रचित कछावा ने बताया कि लंबे अरसे से राजकीय विधि महाविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का पैनल निर्विरोध जीतता आया है। इस बार सत्तारूढ़ पार्टी के दबाव में एनएसयूआई एबीवीपी के पैनल के विरुद्ध बेवजह आपत्ति लगाकर माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं, जिसमें वे कामयाब नहीं हो पाएंगे। वही लॉ कॉलेज में हंगामे की सूचना पर पुलिस का जाब्ता मौके पर पहुंचा और छात्रों को खदेड़ा, साथ ही कॉलेज कैंपस में खड़े हुए अनाधिकृत वाहनों को भी मुनादी कर हटवाया गया। खबर लिखे जाने तक दोनों पक्षों की ओर से कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई, मौके पर पुलिस तैनात रही।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved