Post Views 11
July 25, 2022
सोमवार को आदर्श नगर थाना अंतर्गत बडल्या गांव में रहने वाले सैकड़ों ग्रामीण पीड़ित परिवार के साथ जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और बडल्या गांव में रहने वाले मिश्री लाल मेघवंशी के घर 13 जुलाई की रात हुई 12 लाख रुपए की चोरी के मामले में आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की। गांव के सोहन सिंह रावत और पीड़ित परिवार की पूनम देवी ने बताया कि 13 जुलाई की रात मिश्री लाल मेघवंशी के घर जब सब लोग सोए हुए थे तभी पीछे से मकान की जाली को तोड़कर घर में घुसे चोरों ने 4 लाख की नकदी और 8 लाख के सोने चांदी के आभूषण चुरा लिए और फरार हो गए। जिसकी रिपोर्ट आदर्श नगर थाने में दर्ज करा दी गई और साथ ही संदिग्धों की जानकारी भी पुलिस को दी गई लेकिन पुलिस ने संदिग्धों को मात्र 151 की धारा में गिरफ्तार कर छोड़ दिया ना तो घटनास्थल से फिंगर प्रिंट के लिए न एफएसएल रिपोर्ट बनाई। जिन संदिग्धों के नाम बताए गए थे उनके परिवार के लोग पुलिस में है लिहाजा पुलिस उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही जैसे आरोप लगाते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए। हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लिए ग्रामीणों ने आदर्श नगर थाना पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved