Post Views 11
July 25, 2022
ब्यावर, (हेमन्त साहू)। उदयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित बागलिया टोल प्लाजा पर पूरा रोड क्षतिग्रस्त एवं टूट जाने के पश्चात भी टोल वसूली एवं स्थानीय युवकों को नौकरी से हटाने के विरोध में विधायक शंकरसिंह रावत ने जिला कलेक्टर को पत्र लिखकर समस्या समाधान करने की मांग की। इस दौरान विधायक रावत ने ग्रामीणो के साथ टोल पर धरना प्रदर्शन विरोध व्यक्त किया। पत्र में बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग .8 स्थित बागलिया टोल प्लाजा स्थित है। गोमती से ब्यावर तक पूरा रोड क्षति ग्रस्त तथा टूटा हुआ हैए पूरे रोड को निर्माण कंपनी द्वारा तोड़ दिया गया है। इसके बाद भी टोल एजेंसी द्वारा अप्रैल माह से 10 प्रतिशत शुल्क बढ़ाकर टोल वसूला जा रहा है जबकि नियमानुसार कोई भी निर्माण के दौरान टोल शुल्क बढ़ाया नहीं जा सकता बल्कि 40 प्रतिशत टोल की रियायत टोल उपभोक्ता को दी जाती है। इसके अलावा भी माननीय केंद्रीय सडक़ परिवहन मंत्री नितिन गडकरी द्वारा सदन में दिए गए अपने बयान के अनुसार 60 किलोमीटर के दायरे में सिर्फ एक ही टोल शुल्क लिया जाएगा और अगर पहले से टोल हैं तो उसमें से एक हटाया जाएगा। इसके नियम के विरुद्ध भी मात्र 49 किलोमीटर के दायरे में दूसरा टोल बगड़ लगा हुआ है और वहां भी बढे हुए शुल्क के साथ पूरी वसूली की जा रही हैए वहां पर भी पूरा रोड क्षतिग्रस्त है। साथ ही टोल पर काफी समय से नौकरी कर रहे स्थानीय युवकों को टोल प्रबंधन द्वारा नौकरी से हटा दिया गया है। इनके स्थान पर बाहरी राज्यों के युवाओं को नौकरी पर रखा जा रहा है। उक्त समस्याओं के विरोध में जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। 23 जुलाई शनिवार को जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने टोल वसूली को लगभग 8 घंटे बंद करा दिया। उक्त मांगों को लेकर टोल प्रबंधन द्वारा अपने उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाकर शीघ्र हल निकालने का आश्वासन दिया गया है। अत: आपसे अनुरोध है कि राजमार्ग मंत्रालय की नियमावली के अनुसार ही एनएचआई टोल एजेंसी से नियमानुसार टोल वसूली कराई जावे तथा शुल्क घटाकर वसूली कराएं और 60 किलोमीटर के दायरे में केवल एक ही टोल को चलाने के साथ दूसरा टोल पूर्णता बंद कराने की कार्यवाही की जावे। साथ ही स्थानीय युवकों को ही नौकरी देने के लिए टोल प्रबंधन का पाबंद किया जावे तथा क्षतिग्रस्त रोड की तुरन्त मरम्मत कराई जावे। अन्यथा तीन दिन बाद पुन: टोल को आम जनता द्वारा बंद कराया जाएगा। जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन एवं टोल प्रबंधन की होगी।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved