Post Views 31
July 23, 2022
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा शनिवार और रविवार को रीट भर्ती परीक्षा 2022 का आयोजन किया जा रहा है। जिसके लिए अजमेर में लगभग 65000 से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा देने आए हैं। दोनों दिन दो पारियों में परीक्षा होगी। पहली पारी सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक जिसके लिए 9:00 बजे तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा तो वहीं दूसरी पारी दोपहर 3:00 बजे से 5:30 बजे तक होगी जिसके लिए 2:00 बजे तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा को लेकर अजमेर जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, यातायात विभाग, माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, रोडवेज ओर रेलवे ने परीक्षार्थियों की सुविधा और सहायता के पुख्ता बंदोबस्त किए हैं। रोडवेज ने जहां 150 बसों का संचालन कर अभ्यर्थियों को निशुल्क यात्रा का तोहफा प्रदान किया तो वही उत्तर पश्चिम रेलवे ने अजमेर आने और अजमेर से जाने वाली तमाम ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने की व्यवस्था की है। वहीं सुरक्षा के लिहाज से राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड में कमांड कंट्रोल सेंटर बनाया गया है, वहीं अभय कमांड सेंटर से जुड़े कैमरे और ड्रोन के माध्यम से भी परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था पर पैनी नजर रखी जा रही है। पिछली बार परीक्षा को लेकर उठे सवालों को ध्यान में रखते हुए इस बार पुलिस प्रशासन और बोर्ड प्रशासन अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है। अजमेर जिले में 53 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जहां पर 65309 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं। हर परीक्षा केंद्र पर दो पुरुष पुलिसकर्मी और दो महिला पुलिसकर्मियों के साथ ही दो-दो होमगार्ड के जवान भी तैनात किए गए हैं जो पूरी तलाशी के बाद ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दे रहे हैं। परीक्षा केंद्र में मोबाइल ब्लूटूथ या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण प्रतिबंधित है। परीक्षार्थियों को कोई आभूषण पहन कर भी अंदर नहीं जाने दिया जा रहा। गौरतलब है कि राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा कराई जा रही राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा 2022 के लिए पूरे प्रदेश में 1380 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 16 लाख 96 हजार 516 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। प्रथम स्तर की परीक्षा में कुल 4 लाख 1हजार 320 और द्वितीय स्तर की परीक्षा में 12 लाख 95 हजार 196 परीक्षार्थी रजिस्टर्ड किए गए हैं।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved