Post Views 41
July 21, 2022
जिला स्तरीय सतर्कता समिति की बैठक एवं जनसुनवाई गुरूवार को कलेक्ट्रेट स्थित राजीव गांधी सेवा केन्द्र में जिला कलक्टर अंशदीप की अध्यक्षता में आयोजित की गई। जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं जिला स्तरीय सर्तकता समिति की बैठक एक साथ आहूत की गई। जिसमें जिले के सांसद, समस्त विधायक, जिला प्रमुख व अन्य जन प्रतिनिधिगण व जिला मुख्यालय पर पदस्थापित विभागों के संभाग स्तरीय अधिकारी शामिल हुए। बैठक में जिले के समस्त ब्लॉक अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े । जनसुनवाई में अलग अलग पंचायत समिति व उपखण्ड से परिवादी कलेक्ट्रेट पहुंचे थे लिहाज़ा जनसुनवाई के दौरान उपखण्ड, पंचायत समिति, तहसील व नगर निकाय स्तर के अधिकारी भी अपने नजदीक के वीडियो कॉन्फ्रेन्स केन्द्र के माध्यम से जुड़े। बैठक में प्राप्त प्रकरणों को उसी समय राजस्थान सम्पर्क पोर्टल पर ऑनलाईन दर्ज किया गया। जिला जन अभाव एवं सतर्कता समिति ओर जन सुनवाई के दौरान जिला कलेक्टर अंशदीप, नगर निगम आयुक्त सुशील कुमार, अतिरिक्त जिला कलेक्टर कैलाश चंद शर्मा, एडीएम सिटी भावना गर्ग, दक्षिण विधायक अनिता भदेल, किशनगढ़ विधायक सुरेश टांक सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे। अतिरिक्त जिला कलेक्टर कैलाश चंद शर्मा ने बताया कि जन अभाव व सतर्कता समिति की बैठक में कुल 19 प्रकरण रखे गए जिसमें 3 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। बाकी में जिला कलेक्टर ने तत्काल प्रकरणों को निष्पादित करने की कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। वही जनसुनवाई में कुल 40 प्रकरण रखे गए जिसमें अधिकतर अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, अजमेर विकास प्राधिकरण, नगर निगम, जिला रसद विभाग, बैंक आदि से संबंधित थे जिनमें त्वरित कार्रवाई के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रदान किए गए हैं। वहीं किशनगढ़ विधायक सुरेश टांक ने बताया कि पिछली बार की सतर्कता समिति की बैठक में शामिल होने आए थे लेकिन इस बार वे जनसुनवाई में भी पूरे वक्त मौजूद रहे और उन्होंने देखा कि किस तरह से ग्रामीण अंचल से आए लोग कितनी गंभीर समस्याओं से त्रस्त है। उन्होंने बैठक में बैठकर इस बात का आकलन किया कि क्या इनकी समस्याओं का निस्तारण जिला प्रशासन तय समय में कर पाएगा। इस बात को देखने के लिए वे अगली जनसुनवाई में भी शामिल होंगे, जिससे कि पता लग सके कि कितने प्रकरणों का निस्तारण जिला प्रशासन द्वारा किया गया है। उन्होंने कहा कि वे अपने क्षेत्र में चरागाह भूमि पर हो रहे अतिक्रमण के मामले में काफी भूमि अतिक्रमण मुक्त करा चुके हैं और यह प्रयास निरंतर जारी रहेगा।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved