Post Views 51
July 20, 2022
मोहर्रम की व्यवस्थाओं को लेकर जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में विभागीय अधिकारियों की बैठक
जिला और पुलिस प्रशासन के साथ विभागीय अधिकारी व दरगाह कमेटी सहित अंजुमन के लोग हुए शामिल
आगामी 30 या 31 जुलाई से शुरू होने वाले मोहर्रम 2022 मिनी उर्स के दौरान दरगाह व उसके आसपास सहित विश्राम स्थलियों पर जायरीनों के लिए माकूल इंतजामात को लेकर जिला कलेक्टर अंशदीप की अध्यक्षता में बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित प्रशासनिक व विभागीय अधिकारियों, दरगाह कमेटी व अंजुमन सैयद जादगान के पदाधिकारियों के साथ एक बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान बारिश के मौसम में आयोजित किए जा रहे मोहर्रम में देशभर से आने वाले जायरीनों को किसी प्रकार की कोई परेशानी ना हो इसे लेकर विभिन्न विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए गए। जिला कलेक्टर अंशदीप ने नगर निगम आयुक्त सुशील कुमार को दरगाह व विश्राम स्थलियों पर साफ सफाई, रोशनी आदि के माकूल इंतजाम कराने के निर्देश दिए तो वही पुलिस अधीक्षक चुनाराम जाट व पुलिस अधिकारियों को दरगाह के अंदरूनी और बाहरी क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त करने के भी निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक चुनाराम जाट ने दरगाह के अंदर और दरगाह क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों को मोहर्रम से पहले दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। दरगाह कमेटी के नायब सदर मुनव्वर खान, अंजुमन सैयद जादगान के सदर गुलाम किबरिया चिश्ती और दरगाह दीवान के प्रतिनिधि साहबजादे सैयद नसीरुद्दीन चिश्ती ने बताया कि कर्बला में हजरत इमाम हुसैन की शहादत की याद में मोहर्रम मनाया जाएगा जो 12 दिन चलेगा। जिसमें विभिन्न कार्यक्रमों का आगाज चौकी के जुलूस के साथ होगा। इस दौरान चांद दिखने के अनुसार 30 या 31 जुलाई से मोहर्रम आरंभ होगा। जिला प्रशासन से अपील की गई है कि बारिश के मौसम में आ रहे इस मोहर्रम में जायरीनों के लिए उचित और माकूल बंदोबस्त किए जाएं ताकि किसी को भी कोई परेशानी ना हो। साथ ही मौजूदा हालातों को देखते हुए सुरक्षा के बंदोबस्त भी पुख्ता हो ताकि किसी भी जायरीन को सुरक्षा को लेकर कोई तकलीफ महसूस ना हो।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved