Post Views 41
July 17, 2022
शहर के रामद्वारा धाम में सावन माह के अवसर पर शिव महापुराण कथा का शनिवार से शुभारम्भ हुआ। प्रथम दिन कथावाचक संत गोपालराम रामस्नेही ने कहा कि शिव महापुराण कथा श्रवण करने पर दुख से मुक्ति, जीवन जीने की युक्ति, शक्ति और प्रभु की भक्ति प्राप्त होती है। जो जीवात्मा भगवान के सम्मुख रहता है, नाम जप करता है, वह सभी पापों से मुक्त हो जाता है। शिव आराधना से ज्ञान, वैराग्य, क्षमा एवं भक्ति की प्राप्ति होती है। शिव की कृपा से ही सत्संग की समृद्धि मिलती है। कथावाचक ने कहा कि जिस घर में शिव पुराण की कथा होती है वह घर तीर्थ के समान पवित्र हो जाता है। मनुष्यों के पाप नष्ट हो जाते हैं। शिव कथा श्रवण करने से भगवान शिव की कृपा प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि जहां शिवलिंग की प्राण-प्रतिष्ठा हो जाती है वहां पर शिव का निवास हो जाता है। कथा प्रारंभ होने से पहले मंगल कलश यात्रा निकाली गई। मातृशक्ति ने सिर पर मंगल कलश धारण किए। भक्तों ने शिव महापुराण की पोथी को सिर पर धारण कर ओम नम: शिवाय का जाप किया। कथास्थल रामद्वारा में व्यासपीठ पर पोथी स्थापना कर पूजन आरती की। यह कथा 22 जुलाई तक प्रतिदिन सुबह 8.30 बजे से 11 बजे तक होगी।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved