Post Views 21
June 4, 2022
सदर थाना ब्यावर में पति-पत्नी के पवित्र रिश्ते को शर्मसार करने वाला मामला प्रकाश में आया। पति द्वारा पत्नी को दहेज के लिए प्रताड़ित करने दो लाख रुपए और बाइक की डिमांड करने व पूरी नहीं होने पर पत्नी से जबरदस्ती वेश्वावृति करवाने तथा पत्नी को बेचने के लिए सौदा करने की शिकायत पर कोर्ट के आदेश के बाद सदर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर के उदयपुर रोड चुंगी नाका निवासी 41 वर्षीय विवाहिता ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट में परिवाद देकर बताया कि वर्ष 2015 में पति भैरूसिंह रावत का निधन हो गया था। इसके बाद रिश्तेदारों ने दूसरे विवाह का प्रस्ताव रखा तो वर्ष 2016 में पाली जिले की मारवाड़ जंक्शन तहसील के झिझारड़ी गांव निवासी तेजसिंह रावत के पुत्र राजूसिंह से विवाह हुआ। विवाह के वक्त परिवार और रिश्तेदारों ने दहेज में जेवरात और अन्य सामान दिया था। शादी के कुछ समय बाद पति दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगा। दो लाख रुपए और बाइक की डिमांड की। मना करने पर क्रूर होता गया। अक्सर गाली-गलौज करते हुए बेरहमी से पीटता। खाना भी नहीं देता और भूखी-प्यासी रखता। फिर कुछ समय बाद मुंबई ले गया। वहां वेश्वावृति के लिए दबाव बनाया। पैसों के लिए रोजाना कई व्यक्तियों को घर बुलाकर कमरे में भेज देता। वो अंजान आदमी शारीरिक शोषण का प्रयास करते मगर विरोध करने के कारण सफल नहीं हो पाते। पीड़िता ने बताया कि पति ने सौदा कर बेचने का प्रयास किया तो भागकर पीहर आ गई। माता-पिता के साथ रहने लगी तो पति यहां आकर भी मारपीट करने लगा। दहेज नहीं देने पर जान से मारने की धमकियां दे रहा है। मामले की सुनवाई के बाद न्यायालय ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच के आदेश दिए। कोर्ट के आदेश पर सदर थाना पुलिस ने आरोपी पति राजूसिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर एसआईटी सेल को जांच सौंपी है।
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved