Post Views 71
October 17, 2025
पूर्णाहुति से पहले भड़क उठी आग, यज्ञ मंडप में मची अफरा-तफरी, लाखों का सामान जलकर खाक
पुष्कर के जाट विश्राम स्थली परिसर में शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे अचानक लगी आग ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया। अस्थाई यज्ञ मंडप में भड़की यह आग इतनी भीषण थी कि इसकी लपटें और धुआं कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहे थे।
करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद नगर परिषद पुष्कर की अग्निशमन टीम ने आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार, जाट विश्राम स्थली में प्रसिद्ध कथावाचक कौशिक महाराज के सान्निध्य में 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक हरिवंश महापुराण कथा का आयोजन चल रहा है। इसी कार्यक्रम के तहत शुक्रवार शाम को लक्ष्मी-गणेश महायज्ञ की पूर्णाहुति होने वाली थी, लेकिन उससे पहले ही यज्ञ मंडप में अचानक आग लग गई और कुछ ही मिनटों में पूरा मंडप जलकर राख हो गया। आयोजन समिति के सदस्य आचार्य राममोहन ने बताया कि हादसे के वक्त कोई यजमान या पंडित मौजूद नहीं था। यज्ञ मंडप की देखरेख में लगे लोगों ने आग लगते ही अपने स्तर पर बुझाने का प्रयास किया और तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की कोशिश के बाद आग पर नियंत्रण पाया। आग की चपेट में यज्ञ से जुड़ी धार्मिक सामग्री, साउंड सिस्टम और मंडप की छत पर लगी घास-फूस पूरी तरह नष्ट हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग लगने से पहले पटाखे जैसी आवाज सुनाई दी थी। संभावना जताई जा रही है कि किसी पटाखे की चिंगारी से ही यह आग लगी।फिलहाल स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आयोजन समिति ने ईश्वर का आभार जताया कि किसी व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं हुआ और कहा कि कथा का आयोजन निर्धारित समयानुसार आगे जारी रहेगा।
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved