Post Views 11
August 19, 2021
उदयपुर। शहर के प्रमुख सूरजपोल स्थित पांडे साहब की धरोहर क्षेत्र के शिव मंदिर में शिवलिंग और हनुमानजी के मंदिर में मूर्ति जलाने के चलते क्षेत्रवासी भड़क गए।
जानकारी के अनुसार सूरजपोल स्थित प्रकाश वॉच की दुकान के पास वाले मंदिरों में अज्ञात समाजकंटकों ने शिवलिंग और हनुमानजी की मूर्ति जला दी। घटना की जानकारी मिलते ही सूरजपोल के सभी व्यापारियों ने आक्रोश जताया और अपनी दुकानें बंद कर दी। क्षेत्रवासियों ने विरोध दर्ज कराते हुए दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की। माहौल गर्माने के बाद मौके पर सूरजपोल थाना पुलिस पहुंची और जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस तैनात कर दी गई है। घटना को लेकर आक्रोशित लोगों ने सूरजपोल चौराहे पर नारेबाजी की। बाद में कलेक्ट्री के बाहर जमकर प्रदर्शन किया गया। आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई को लेकर भाजपा और क्षेत्रवासियों ने ज्ञापन सौंपा।
भाजपा ने की निंदा
भाजपा के जिलाध्यक्ष रविंद्र श्रीमाली ने कहा कि हम इस कृत्य की निंदा करते हैं। पुलिस प्रशासन को शहर में शांति बनाए रखने के लिए कदम उठाए जाने चाहिए। घटना को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन दिया जाएगा। जिला महामंत्री गजपाल सिंह राठौड़ ने कहा कि इसके पीछे बड़ी साजिश है। उदयपुर शांतप्रिय शहर है। यहां की शांति बिगड़ने के लिए असामाजिक तत्व कोशिश कर रहे हैं। इस कृत्य की घोर निंदा की जाती है और पुलिस प्रशासन को तुरंत आरोपियों को पकड़ना चाहिए। पार्षद गौरव प्रतापसिंह ने कहा कि ऐसा कृत्य करने वाले असामाजिक तत्व नहीं, बल्कि नीच, जाहिल, गंवार और आतंकवादी किस्म के लोग हैं। इनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved