Post Views 1011
June 17, 2017
रिपोर्टर- मध्य प्रदेश में कर्ज से परेशान किसानों की मौत का सिलसिला थम नहीं रहा है। शुक्रवार को भी जहां दो किसानों ने आत्महत्या कर ली वहीं शनिवार को एक और किसान ने खुद की जिंदगी खत्म कर ली। पिछले एक सप्ताह में करीब दस किसान अपनी जान दे चुके हैं। वहीं दूसरी ओर धार में आज से भारत कृषक समाज के किसान जेल भरो आंदोलन शुरू करेंगे।मध्य प्रदेश के धार में 40 वर्षीय किसान जगदीश मोरी ने आत्महत्या कर ली। मोरी ने कर्ज से परेशान हो कर जहर खा लिया। बताया जा रहा है कि रामपुरा गांव के रहने वाले जगदीश पर बैक कर्ज था। कितना कर्ज था, यह जानकारी नहीं मिल पाई है। थाना प्रभारी कुक्षी सीबी सिंह ने बताया कि जगदीश को कुक्षी हॉस्पिटल में मृत अवस्था में लाया गया था। यहां पर पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया।
इससे पहले होशंगाबाद के नजदीक रंढाल गांव में शुक्रवार तड़के 3 बजे किसान बाबूलाल पिता बालकृष्ण (40) ने केरोसिन उड़ेलकर आग लगा ली। परिजन को उसे 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल लेकर आए। जहां उसकी हालत को देखते हुए डाक्टरों ने भोपाल रेफर कर दिया। डाक्टरों के मुताबिक बाबूलाल 64 फीसदी तक जला है। हमीदिया अस्पताल के बर्न वार्ड के आईसीयू में भर्ती बाबूलाल की हालत गंभीर बताई जा रही है।
आज से किसानों का जेल भरो आंदोलन
आज 11 बजे से खलघाट से शुरू हो रहे किसानों के इस आंदोलन में देश प्रदेश के कांग्रेस नेता पहुंचेंगे। वहीं इस आंदोलन की अगुवाई भारत कृषक समाज के प्रदेशाध्यक्ष अरुण यादव कर रहे हैं। अरूण यादव प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भी हैं। इस जेल भरो आंदोलन में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव मोहनप्रकाश, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री कमलनाथ, पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, कांतिलाल भूरिया, सुरेश पचौरी, राज्यसभा सदस्य विवेक तन्खा, मप्र विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष अजयसिंह, कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव बाला बच्चन, डॉ. विजयलक्ष्मी साधौ, खरगोन बड़वानी के विधायक झूमा सोलंकी, विजयसिंह सोलंकी, सचिन यादव और रमेश पटेल के साथ ही प्रदेश के अनेक विधायक और कांग्रेस पदाधिकारी भी खलघाट पहुंचेंगे। इस आंदोलन में मंदसौर जिले में पुलिस की गोली से मारे गये किसानों को श्रद्धांजलि भी दी जाएगी।
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved