Post Views 01
November 17, 2026
अजमेर के 74 कॉलेजों के ईएलसी प्रभारियों को दिया मतदाता जागरूकता प्रशिक्षण
मतदाता पंजीकरण, एसएसआर-2027 और निबंध-क्विज प्रतियोगिताओं के प्रभावी आयोजन पर हुई चर्चा
अजमेर, 17 नवम्बर। आगामी निर्वाचन गतिविधियों के मद्देनजर मतदाता जागरूकता और निर्वाचन साक्षरता को व्यापक स्तर पर पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला परिषद अजमेर के सभागार में जिले के 74 महाविद्यालयों के इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) प्रभारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसएसआर-2027), नवमतदाता पंजीकरण, मतदाता जागरूकता अभियान तथा भारत निर्वाचन आयोग की ओर से आयोजित निबंध एवं क्विज प्रतियोगिताओं के आयोजन संबंधी दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी गई।
जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (स्वीप) श्री राम प्रकाश के निर्देशानुसार आयोजित प्रशिक्षण में जिला स्वीप समन्वयक रामविलास जांगिड़ ने विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा और उनके प्रभावी क्रियान्वयन के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन साक्षरता क्लब युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने और मतदान के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
प्रशिक्षण में स्वीप सदस्य ललिता कुमारी ने बताया गया कि एसएसआर-2027 के तहत एक जनवरी 2027 को अर्हता तिथि मानते हुए 18-19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं, प्रथम बार मतदान करने वाले पात्र नागरिकों तथा मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित पात्र लोगों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाना है। इसके लिए 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। राजकीय एवं निजी विद्यालयों और महाविद्यालयों में मतदाता जागरूकता गतिविधियां आयोजित कर अधिकाधिक पात्र युवाओं को पंजीकरण के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए। गतिविधियों के फोटो, वीडियो एवं अन्य साक्ष्य निर्धारित पोर्टल के ईएलसी मॉड्यूल पर अपलोड करने पर भी जोर दिया गया।
इसी क्रम में राजकीय महाविद्यालय के प्रोफेसर श्री जितेंद्र मारोठिया ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के दौरान वंचित वर्गों, दिव्यांगजनों, संवेदनशील समूहों और समाज की मुख्यधारा से जुड़ने से शेष रहे पात्र नागरिकों तक पहुंच बनाने के लिए कलस्टर कैंप आयोजित करने की कार्ययोजना पर चर्चा हुई। इन शिविरों के आयोजन, उनकी मॉनिटरिंग तथा टेस्टिमोनियल वीडियो, फोटो और अन्य गतिविधियों को गूगल ड्राइव एवं सोशल मीडिया पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए।
अभियान के प्रभावी संचालन के लिए पीरचंद, संतोष सामरिया, संतोष कंवर, स्वाति सेन ने संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कार्मिकों की जिम्मेदारियां के बारे में विस्तार से अवगत कराया।
प्रशिक्षण का एक महत्वपूर्ण हिस्सा भारत निर्वाचन आयोग की मतदाता साक्षारता कल्ब निबन्ध एवं प्रश्नोत्त्तरी प्रतियोगिता रही। इसके अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए शुद्ध मतदाता सूची के महत्त्व और मतदान के महत्त्व पर निबंध प्रतियोगिता तथा निर्वाचन साक्षरता संबंधी क्विज आयोजित की जाएगी। महाविद्यालय स्तर पर निबंध की शब्द सीमा 800 से 1200 तथा विद्यालय स्तर पर 500 से 800 शब्द निर्धारित है। क्विज में मतदाता सूची निर्माण, ईवीएम, वीवीपैट, मतदान एवं मतगणना प्रक्रिया से संबंधित 30 प्रश्न होंगे। प्रतियोगिताएं हिंदी, अंग्रेजी और स्थानीय भाषा में आयोजित की जा सकेंगी।
प्रतियोगिताओं का शुभारंभ 13 नवंबर को किया गया है। प्रथम चरण संस्थान स्तर पर 16 से 23 नवंबर, द्वितीय चरण विधानसभा स्तर पर 8 से 12 दिसंबर तथा अंतिम चरण जिला स्तर पर 14 से 18 दिसंबर तक प्रस्तावित है। परिणाम एवं प्रमाण-पत्र वितरण 19 से 22 दिसंबर तक किया जाएगा। प्रत्येक स्तर पर उत्कृष्ट विद्यार्थियों का चयन कर उन्हें अगले चरण में शामिल किया जाएगा।
प्रशिक्षण में महाविद्यालयों के ईएलसी प्रभारियों से निर्धारित समय-सारणी के अनुसार सभी गतिविधियां आयोजित करने, विद्यार्थियों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने तथा आयोजन की अनुपालन रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत करने का आह्वान किया गया।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved