Post Views 01
November 17, 2026
पुष्कर मेले में सात समंदर पार से आई सिल्विया ने बिखेरे मारवाड़ी गीतों के सुर, नगाड़ों की थाप पर झूम उठे देशी-विदेशी पर्यटक!
तीर्थ नगरी पुष्कर में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पुष्कर मेले का आज विधिवत पूजा-अर्चना और पारंपरिक उत्साह के साथ भव्य आगाज हो गया। मेले के पहले ही दिन यहां राजस्थानी लोक संस्कृति और विदेशी सुरों का ऐसा अनूठा संगम देखने को मिला, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। ब्राजील से आई विदेशी पर्यटक सिल्विया ने विश्व प्रसिद्ध नगाड़ा वादक नाथूलाल सोलंकी की टीम के साथ ऐसी शानदार प्रस्तुति दी कि पूरा माहौल राजस्थानी रंग में रंग गया।
पुष्कर मेले के शुभारंभ समारोह में जब प्रसिद्ध नगाड़ा वादक नाथूलाल सोलंकी की टीम ने नगाड़ों की थाप छेड़ी, तो माहौल में लोक संस्कृति की गूंज सुनाई देने लगी। इसी बीच ब्राजील से आई विदेशी पर्यटक सिल्विया ने अपनी मधुर आवाज में पारंपरिक मारवाड़ी गीत गाकर मौजूद लोगों को हैरान कर दिया। नगाड़ों की गूंज और सिल्विया के सुरीले अंदाज ने ऐसा समां बांधा कि देशी ही नहीं, विदेशी पर्यटक भी झूमने लगे। खास बात यह है कि सिल्विया केवल राजस्थानी गीतों की प्रशंसक ही नहीं, बल्कि पिछले पांच साल से मारवाड़ी लोकगीत गा भी रही हैं। सिल्विया पिछले साल प्रसिद्ध नगाड़ा वादक नाथूलाल सोलंकी से नगाड़ा वादन की ट्रेनिंग भी ले चुकी हैं। वे नाथूलाल सोलंकी को अपना गुरु मानती हैं और उनके साथ प्रस्तुति देना अपने लिए बड़े सम्मान की बात बताती हैं।
मीडिया से बातचीत में सिल्विया ने बताया कि यह पुष्कर में उनका तीसरा दौरा है। उन्हें राजस्थान का लोक संगीत बेहद पसंद है और प्रसिद्ध लोक गायक मामे खान के गीतों की वे बड़ी दीवानी हैं। करीब एक साल से वे राजस्थानी लोकगीतों को सुनकर और अभ्यास करके अपनी गायकी को निखार रही हैं।सिल्विया की यह प्रस्तुति इस बात की मिसाल बन गई कि संगीत और संस्कृति की कोई सीमा नहीं होती। सात समंदर पार से आई एक विदेशी पर्यटक का मारवाड़ी गीतों के प्रति यह लगाव पुष्कर मेले को अंतरराष्ट्रीय पहचान देने के साथ राजस्थान की समृद्ध लोक परंपरा को भी दुनिया तक पहुंचा रहा है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved