Post Views 01
November 13, 2026
जयपुर। जयपुर-दिल्ली हाईवे पर शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे एक बेकाबू ट्रॉले ने एक के बाद एक कार और स्कूटी समेत पांच गाड़ियों को टक्कर मार दी। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि ट्रॉला ड्राइवर समेत तीन लोग घायल हुए हैं। हादसा मुरलीपुरा थाना इलाके में रोड नंबर-14 पर अनाज मंडी के पीछे वाले गेट के सामने हुआ।
मरने वालों और घायलों की पहचान हुई
हादसे में सीता विहार, मुरलीपुरा के रहने वाले रमेश (60) और फागी-रेनवाल के रहने वाले हनुमान सहाय (40) की मौत हो गई। घायलों में झारखंड का रहने वाला ट्रॉला ड्राइवर सुमन कुमार, खंडेला के बामनवास का बाइक सवार नवरंग राम और अजमेर के नसीराबाद के दीप सिंह रावत शामिल हैं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पैदल जा रहा एक युवक ट्रॉले के पहिए के नीचे फंस गया और एक कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई।
सर्विस लेन पर तीन चौपहिया, दो दोपहिया को रौंदा
ट्रॉला दौलतपुरा टोल से होते हुए अजमेर रोड की तरफ जा रहा था। सर्विस लेन पर उसने तीन चौपहिया और दो दोपहिया वाहनों को टक्कर मारी। पुलिया पर चढ़ते समय बेकाबू होकर ट्रॉला चार फीट नीचे गिरा, रेलिंग तोड़ी और कार, पिकअप, स्कूटी और बाइक को चपेट में लेते हुए एक दुकान की तरफ जा घुसा। स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसे से पहले दो स्कूटी सवारों और ट्रॉला ड्राइवर के बीच बहस हुई थी। इसके बाद स्कूटी सवारों ने पत्थर मारकर ट्रॉला रुकवाने की कोशिश की थी।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved