Post Views 01
November 13, 2026
अजमेर में पौने दो करोड़ के आभूषण ठगी का खुलासा
अजमेर जिले में पुलिस ने धोखाधड़ी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1 करोड़ 80 लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण और नकद राशि बरामद की है।
अजमेर पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशानुसार, जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों और बदमाशों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत किशनगढ़ क्षेत्र में हुई बड़ी ठगी का पर्दाफाश किया गया है। घटना का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि चूरू जिले के पायस ज्वैलर्स के मालिक ने थाना छापर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 5 नवंबर 2026 को राहुल सोनी नामक व्यक्ति ने फोन कर उनकी फर्म से ज्वैलरी खरीदने का आर्डर दिया। विश्वास में आकर ज्वैलरी मालिक ने अपने स्टाफ को 1510 ग्राम सोने के आभूषण के साथ डिलीवरी के लिए किशनगढ़ भेजा।
किशनगढ़ के मदनगंज इलाके में स्थित एक मकान पर आरोपियों ने स्टाफ को माल दिखाने के बहाने बुलाया और फिर चकमा देकर स्कूटी लेकर फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अलग-अलग टीमों का गठन किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने और तकनीकी मदद के आधार पर अजमेर, राजसमंद, लाडनू, चूरू, बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, हरिद्वार और जयपुर जैसे कई शहरों में दबिश दी। इसके बाद पुलिस ने तीन मुख्य आरोपियों— राहुल कुमार सोनी, अविनाश कुमार सिंह और प्रेम नवलानी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। पुलिस ने आरोपियों के पास से 1 करोड़ 80 लाख रुपये की कीमत के सोने के विभिन्न आभूषण 1 लाख 32 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved