Post Views 01
November 13, 2026
अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले से पहले तीर्थनगरी में चोरों की सक्रियता ने विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं! पुष्कर के विश्वप्रसिद्ध ब्रह्मा मंदिर के पास स्थित बाजार में एक विदेशी युवती के बैग से पर्स चोरी करने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। हैरान करने वाली बात यह है कि चोर को रंगे हाथ पकड़ लिया गया, लोगों ने उसकी पिटाई भी कर दी, लेकिन इसके बावजूद आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया। चोरी की यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। दरअसल, गुरुवार को एक विदेशी युवती ब्रह्मा मंदिर मार्केट में चूड़ी-कंगन की दुकान पर खड़ी होकर खरीदारी कर रही थी। इसी दौरान पीछे से दबे पांव आए एक युवक ने बड़ी चालाकी से युवती के बैग में हाथ डाला और उसका पर्स निकाल लिया। लेकिन चोर की यह हरकत पास खड़े एक स्थानीय दुकानदार की नजरों से बच नहीं सकी। दुकानदार ने तत्काल युवक को पकड़ लिया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने आरोपी के कब्जे से पर्स बरामद कर विदेशी युवती को वापस दिलाया। इस दौरान कुछ लोगों ने आरोपी की जमकर पिटाई भी कर दी। हालांकि, कुछ ही देर बाद आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि इस मामले में पुष्कर थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। आपको बता दें कि विश्वविख्यात अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले के चलते इन दिनों तीर्थनगरी में देशी-विदेशी पर्यटकों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। ऐसे में भीड़भाड़ वाले बाजारों में चोरी की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्थाओं के लिए चुनौती बन सकती हैं। हालांकि, पुष्कर मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। मेले में करीब ढाई हजार पुलिसकर्मी और 40 आरपीएस अधिकारी सुरक्षा की कमान संभालेंगे। वहीं, 17 से 24 नवंबर तक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा। कई मार्गों पर वन-वे व्यवस्था होगी और क्यूआर कोड के जरिए पार्किंग की लोकेशन भी उपलब्ध कराई जाएगी। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले से पहले ही ब्रह्मा मंदिर जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल पर दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आ रही है, तो मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी? फिलहाल इस घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा और बाजारों में पुलिस निगरानी को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved