Post Views 01
October 21, 2026
बीकानेर। बीकानेर जिले में बीती रात राष्ट्रीय राजमार्ग 62 पर सवारियों से भरी एक बस में अचानक आग लग गई। हादसा महाजन और लालेरा के बीच रात करीब डेढ़ बजे हुआ। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी बस लपटों में घिर गई और जलकर राख हो गई। हादसे के वक्त ज्यादातर यात्री नींद में थे। आग लगते ही बस में चीख-पुकार मच गई। यात्री किसी तरह बस से बाहर निकले और गनीमत रही कि सभी समय रहते बाहर आ गए। घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। बस कहां से कहां जा रही थी, उसमें कितने यात्री सवार थे और आग किस वजह से लगी, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
पिछले दो महीनों में बसों में आग की घटनाएं
बसों में आग की यह पहली घटना नहीं है। 24 सितंबर को उत्तर प्रदेश में यमुना एक्सप्रेसवे पर एक स्लीपर बस में आग लगने से 9 यात्रियों की मौत हो गई थी। इससे पहले 23 अगस्त को जयपुर में एक चलती लो-फ्लोर बस में आग लगी थी, जिसमें बस का अग्निशमन यंत्र खाली मिलने पर सवाल उठे थे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved