Post Views 01
October 21, 2026
अजमेर में पंचायत चुनाव को लेकर पुलिस अलर्ट, 2500 जवानों के हवाले सुरक्षा की कमान
अजमेर। पंचायत चुनाव में शांति भंग करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए अजमेर पुलिस ने सुरक्षा का मजबूत चक्रव्यूह तैयार किया है। प्रथम चरण के चुनाव को लेकर जिलेभर में 2500 पुलिसकर्मियों का जाब्ता तैनात किया गया है। चप्पे-चप्पे पर निगरानी, लगातार गश्त और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर के साथ पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।जिले की पांच पंचायत समितियों और अजमेर ग्रामीण के क्षेत्रों में होने वाले चुनावों के मद्देनजर सभी मतदान केंद्रों और मतदान भवनों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके अलावा, आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए अतिरिक्त जाब्ते की भी व्यवस्था की गई है।चुनाव क्षेत्र में मोबाइल पुलिस पार्टियां लगातार गश्त कर रही हैं। प्रत्येक क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और पुलिस उप अधीक्षक स्तर के अधिकारियों को निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संवेदनशील क्षेत्रों का वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा पहले ही निरीक्षण किया जा चुका है।
पोलिंग पार्टियों की रवानगी के साथ चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिसकर्मियों को कंट्रोल रूम के संपर्क नंबर उपलब्ध कराए गए हैं। पुलिस प्रशासन का लक्ष्य शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित माहौल में चुनाव संपन्न कराना है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved