For News (24x7) : 9829070307
RNI NO : RAJBIL/2013/50688
Visitors - 168732768
Horizon Hind facebook Horizon Hind Twitter Horizon Hind Youtube Horizon Hind Instagram Horizon Hind Linkedin
Breaking News
Ajmer Breaking News: अजमेर जिला पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स द्वारा अवैध बांग्लादेशी नागरिकों के विरूद्ध 27 वीं कार्यवाही, |  Ajmer Breaking News: महाराजा अग्रसेन की शिक्षाओं को आत्मसात करें, समाज का राष्ट्र निर्माण में अहम योगदान- देवनानी |  Ajmer Breaking News: अजमेर शहर जल्द बनेगा विद्युत क्षेत्र में आत्मनिर्भर,147 करोड़ की लागत से बनेगा अत्याधुनिक गैस आधारित 132 केवी जीएसएस |  Ajmer Breaking News: अजमेर शहर के लैप्रोस्कोपिक एवं रोबोटिक सर्जन डॉक्टर शिव कुमार बुनकर ने चिकित्सा के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि हासिल करते हुए रोबोट द्वारा किया जटिल ऑपरेशन  |  Ajmer Breaking News: कारोबारी के घर आयकर अधिकारी बनकर हुई करोड़ों की डकैती में नसीराबाद पुलिस ने सातवें आरोपी को गिरफ्तार किया है। |  Ajmer Breaking News: पुष्कर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के लिए चलाया जा रहा श्रमदान अभियान निरंतर गति पकड़ रहा है। |  Ajmer Breaking News: अजमेर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार। |  Ajmer Breaking News: अजमेर में तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, एक बच्चा गंभीर घायल; चालक फरार |  Ajmer Breaking News: अजमेर में डीजी ट्रैफिक मालिनी अग्रवाल ने की समीक्षा बैठक; कहा - अब टेक्नोलॉजी आधारित होगा ट्रैफिक मैनेजमेंट, नियम पालकों को मिलेगा सम्मान   |  Ajmer Breaking News: ट्रैफिक डिप्टी अंजू यादव विवादों में, अजमेर में वकीलों का प्रदर्शन, एसपी से की कार्रवाई की मांग | 

अजमेर न्यूज़: अजमेर शहर जल्द बनेगा विद्युत क्षेत्र में आत्मनिर्भर,147 करोड़ की लागत से बनेगा अत्याधुनिक गैस आधारित 132 केवी जीएसएस

Post Views 01

October 12, 2026

अजमेर शहर जल्द बनेगा विद्युत क्षेत्र में आत्मनिर्भर,147 करोड़ की लागत से बनेगा अत्याधुनिक गैस आधारित 132 केवी जीएसएस

अजमेर, 11 अक्टूबर।अजमेर शहर को विद्युत क्षेत्र में पूरी तरह आत्मनिर्भर और सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक ऎतिहासिक कदम उठाते हुए शहर में गैस आधारित 132 केवी सब-स्टेशन (जीएसएस) के निर्माण की प्रक्रिया को किया जा रहा है। राज्य सरकार के बजट में की गई घोषणा के क्रियान्वयन को लेकर विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने अजमेर शहर के विभिन्न संभावित क्षेत्रों का दौरा किया और इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए भूमि के विभिन्न विकल्पों का बारीकी से निरीक्षण किया।

विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने हाथीभाटा पावर हाउस, टीटी कॉलेज तथा जयपुर रोड स्थित विभिन्न जमीनों का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से जमीनों की तकनीकी उपयुक्तता, भौगोलिक स्थिति और ग्रिड स्थापना की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। भूमि चयन की इस प्रक्रिया के तुरंत बाद परियोजना पर जमीनी स्तर पर कार्य आरंभ कर दिया जाएगा, जिसे लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

यह अत्याधुनिक गैस आधारित विद्युत सब-स्टेशन लगभग 147 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से तैयार किया जाएगा। वर्तमान समय में अजमेर शहर को बिजली की आपूर्ति शहर के बाहरी इलाकों में बने जीएसएस के माध्यम से की जाती है, जिसके कारण कई बार तकनीकी बाधाओं और लंबी ट्रांसमिशन लाइनों का सामना करना पड़ता है। इस नई परियोजना के धरातल पर उतरने के बाद यह सब-स्टेशन अजमेर शहर की विद्युत आपूर्ति के लिए एक मजबूत लाइफ लाइन साबित होगा।

इस परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसे आगामी 50 वर्षों की भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर डिजाइन किया जा रहा है। बढ़ती आबादी, शहरी विस्तार और भविष्य की विद्युत मांग का आंकलन करते हुए इस जीएसएस की रूपरेखा तैयार की गई है ताकि आने वाले दशकों में शहरवासियों को बिजली के संकट या कम वोल्टेज जैसी समस्याओं का सामना न करना पड़े।इस गैस आधारित 132 केवी जीएसएस के निर्माण से अजमेर के लाखों घरों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, शैक्षणिक संस्थानों और औद्योगिक इकाइयों को प्रत्यक्ष रूप से लाभ मिलेगा। शहरवासियों को भविष्य में पूरी तरह निर्बाध, उच्च गुणवत्तायुक्त और स्थिर विद्युत आपूर्ति सुलभ हो सकेगी, जिससे स्थानीय स्तर पर व्यापार और विकास को भी गति मिलेगी।

निरीक्षण और समीक्षा बैठकों के दौरान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों के साथ दूरभाष एवं व्यक्तिगत रूप से विस्तृत चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे तय समय सीमा के भीतर सभी तकनीकी और प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी करें ताकि अजमेर की जनता को इस सौगात का लाभ शीघ्र अति शीघ्र मिल सके।इस पूरे दौरे और निरीक्षण के दौरान राजस्थान विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड और अजमेर विकास प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी तथा अभियंता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विधानसभा अध्यक्ष को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार के निर्देशों के अनुरूप भूमि का चयन और परियोजना का क्रियान्वयन पूर्ण पारदर्शिता और उच्च गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा किया जाएगा।

राज्य सरकार के इस दूरदर्शी निर्णय और विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी के प्रयासों से अजमेर शहर के विद्युतीकरण के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। गैस आधारित तकनीक पर आधारित होने के कारण यह सब-स्टेशन कम जगह में अधिक क्षमता के साथ कार्य करेगा और शहर के पर्यावरण अनुकूल एवं आधुनिक बुनियादी ढांचे के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।


© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved