Post Views 01
October 5, 2026
उदयपुर। शहर के सवीना थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों और आसपास के लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया और ट्रक के केबिन में आग लगा दी। इसके बाद सड़क पर प्रदर्शन शुरू हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची सवीना थाना पुलिस ने समझाइश कर लोगों को शांत कराया और चालक को भीड़ से छुड़ाया।पुलिस के मुताबिक, हादसा तीतरड़ी गुप्तेश्वर रोड पर सुबह करीब आठ बजे हुआ। तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार निर्मला साहू (48), पत्नी कन्हैयालाल साहू, निवासी तीतरड़ी को कुचल दिया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय ट्रक तीतरड़ी गांव की तरफ आ रहा था, जबकि निर्मला अपने घर की ओर लौट रही थीं।हादसे की जगह से कुछ ही दूरी पर महिला का घर था। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के सदस्य और आसपास रहने वाले लोग मौके पर पहुंच गए। महिला की मौत से गुस्साए लोगों ने चालक को पकड़ लिया। इसी दौरान ट्रक के केबिन में आग लगा दी गई और लोगों ने सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया।मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभालते हुए चालक को भीड़ से बाहर निकाला और सुरक्षित थाने पहुंचाया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने पुलिस के पहुंचने में देरी का आरोप भी लगाया। तनाव को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया। अधिकारियों ने परिजनों और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर चालक के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोग शांत हुए।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved