Post Views 01
September 29, 2026
नागौर। जिले के मारवाड़ मूंडवा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात यूको बैंक के ATM को लूटने पहुंचे दो बदमाशों की योजना बैंक मैनेजर की सूझबूझ से नाकाम हो गई। गैस कटर और अन्य औजार लेकर ATM बूथ में घुसे आरोपियों को महिला ब्रांच मैनेजर सारिका चौधरी ने शटर गिराकर अंदर ही बंद कर दिया। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।घटना नागौर रोड स्थित यूको बैंक के ATM की रात करीब 2 बजे की है। बताया जा रहा है कि वारदात के समय ATM में 16 लाख रुपए से ज्यादा नकदी मौजूद थी।
ई-सर्विलांस से मिला अलर्ट, पति के साथ मौके पर पहुंचीं मैनेजर
ATM में संदिग्ध गतिविधि होते ही बैंक के ई-सर्विलांस सिस्टम से अलर्ट मिला। सूचना मिलने पर ब्रांच मैनेजर सारिका चौधरी अपने पति के साथ तत्काल ATM बूथ पहुंचीं।वहां दो युवक ATM के अंदर मौजूद मिले। स्थिति समझते ही सारिका ने बूथ का शटर नीचे गिराकर दोनों को अंदर लॉक कर दिया और पुलिस को सूचना दी।
गैस कटर और औजार लेकर पहुंचे थे आरोपी
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी ATM से नकदी निकालने की तैयारी के साथ आए थे। उनके पास गैस कटर सहित अन्य औजार मौजूद थे।पुलिस को रात करीब 2 बजकर 13 मिनट पर घटना की सूचना मिली। इसके बाद मारवाड़ मूंडवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ATM के अंदर बंद दोनों युवकों को पकड़ लिया।
ढाबा संचालक और कर्मचारी गिरफ्तार
थाना प्रभारी पूरबाराम के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मूंडवा निवासी भरत प्रजापत और बिहार निवासी कोमल कुमार राजपूत के रूप में हुई है।भरत प्रजापत मूंडवा क्षेत्र में ढाबा चलाता है, जबकि कोमल कुमार उसके यहां काम करता है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ATM लूटने की योजना कब और कैसे बनाई गई थी।
दूसरे व्यक्ति की बाइक लेकर आए थे
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी वारदात के लिए किसी अन्य व्यक्ति की मोटरसाइकिल लेकर आए थे। पुलिस ने बाइक मालिक को भी पूछताछ के लिए बुलाया है।अब यह जांच की जा रही है कि मोटरसाइकिल मालिक को आरोपियों की योजना की जानकारी थी या नहीं और वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है।
ATM में थे 16 लाख से ज्यादा रुपए
घटना के समय ATM मशीन में 16 लाख रुपए से अधिक नकदी होने की जानकारी सामने आई है। समय रहते अलर्ट मिलने और बैंक मैनेजर की कार्रवाई से नकदी सुरक्षित रही।पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड, मोबाइल फोन और संपर्कों की भी जांच कर रही है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved