Post Views 21
August 21, 2026
पॉलिसी रिन्यूअल के नाम पर 6.50 लाख की साइबर ठगी, दिल्ली से 4 आरोपी गिरफ्तार
अजमेर साइबर थाना पुलिस ने पॉलिसी रिन्यूअल के नाम पर करीब 6 लाख 50 हजार रुपए की ठगी के मामले में कार्रवाई करते हुए दिल्ली से विकास कुमार नामक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पीड़ित राजकुमार हेड़ा से पॉलिसी रिन्यूअल के नाम पर ठगी की वारदात को अंजाम दिया गया था। मामला सामने आने के बाद साइबर थाना पुलिस ने जांच शुरू की और ठगी की रकम जिन बैंक खातों में पहुंची, उनके खाताधारकों की पहचान की। जांच के आधार पर पुलिस ने दिल्ली पहुंचकर विकास कुमार को गिरफ्तार किया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि विकास कुमार ने सूर्यांश के नाम से कपड़ों की दुकान के नाम पर आईजीएमएस कॉरपोरेशन फर्म का खाता खुलवाया था। इसके एवज में सूर्यांश को प्रतिदिन 500 रुपए दिए जाते थे। इसी खाते का इस्तेमाल साइबर ठगी से प्राप्त रकम को ट्रांसफर करने के लिए किया जाता था।
पुलिस के अनुसार, ठगी की रकम में से करीब 10 प्रतिशत हिस्सा विकास कुमार अपने पास रखता था और शेष रकम आगे अमृत तथा आसिफ सहित अन्य आरोपियों के खातों में ट्रांसफर की जाती थी। फिलहाल पुलिस विकास, सूर्यांश, अमृत और आसिफ को अजमेर लेकर पहुंची है, जहां आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में अन्य संदिग्ध आरोपियों की तलाश भी जारी है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved