Post Views 41
July 21, 2026
जयपुर के अंबेडकर सर्किल पर कांग्रेस का प्रदर्शन; धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और पेपर लीक मामले में जवाबदेही की मांग
जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने केंद्र की एनडीए सरकार पर विपक्ष की मांगों और जनभावनाओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में देश किस दिशा में जा रहा है, यह गंभीर चिंता का विषय है। सरकार महत्त्वपूर्ण मुद्दों पर न तो स्पष्ट प्रतिक्रिया देती है और न ही विपक्ष द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब देती है।
गहलोत ने कहा कि देशभर में जनता और युवाओं के बीच आक्रोश है तथा कांग्रेस का आंदोलन लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा की लड़ाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज को सुनने के बजाय उसे दबाने का प्रयास किया जा रहा है।लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में प्रधानमंत्री आवास के निकट किए गए धरने के समर्थन में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जयपुर के अंबेडकर सर्किल पर प्रदर्शन किया। इसमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग
प्रदर्शन से पहले अशोक गहलोत ने पेपर लीक प्रकरण को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है, इसलिए जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।गहलोत ने कहा कि केंद्र सरकार की चुप्पी और संवाद से बचने की प्रवृत्ति के कारण ऐसी स्थिति बनी कि लोकसभा और राज्यसभा में विपक्ष के नेताओं को प्रधानमंत्री आवास के सामने धरने पर बैठना पड़ा।
विपक्ष की मांगों पर ध्यान नहीं देने का आरोप
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि एनडीए सरकार विपक्षी दलों की मांगों को गंभीरता से नहीं लेती। संसद के भीतर और बाहर उठाए गए जनहित के मुद्दों पर भी सरकार की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved