Post Views 01
July 18, 2026
पुष्कर सरोवर के कृष्ण घाट पर मंदिर से अष्टधातु का छत्र चोरी, पुजारी ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की
तीर्थ नगरी पुष्कर में सरोवर किनारे स्थित धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। पुष्कर सरोवर के कृष्ण घाट स्थित नर्मदेश्वर महादेव मंदिर को चोरों ने निशाना बनाते हुए मंदिर में लगा अष्टधातु का छत्र चोरी कर लिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मंदिर के पुजारी गिरिराज मुखिया ने पुष्कर थाना पुलिस को लिखित शिकायत देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।
पुजारी गिरिराज मुखिया के अनुसार शुक्रवार रात करीब 10 बजे तक मंदिर परिसर में बच्चे और श्रद्धालु मौजूद थे। इसके बाद देर रात अज्ञात चोरों ने मंदिर को निशाना बनाया और भगवान महादेव के श्रृंगार में लगा बड़ा अष्टधातु का छत्र चोरी कर फरार हो गए। पुजारी ने बताया कि चोरी हुआ छत्र करीब 15 से 20 हजार रुपए कीमत का था और मंदिर में भगवान महादेव के श्रृंगार का प्रमुख हिस्सा था। पुजारी का कहना है कि इस मंदिर में चोरी की यह तीसरी घटना है। इससे पहले भी मंदिर को चोर निशाना बना चुके हैं। उन्होंने बताया कि मंदिर में रखी एक अलमारी को भी तोड़ने का प्रयास किया गया, लेकिन अलमारी नहीं टूटने से अन्य सामान चोरी होने से बच गया। मंदिर से नकदी चोरी नहीं हुई है, लेकिन अष्टधातु का छत्र चोरी होना श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा गंभीर मामला है। घटना की सूचना के बाद पुष्कर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुजारी के अनुसार एएसआई ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और फोटोग्राफी भी करवाई। पुलिस ने पुजारी को जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया है। मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुष्कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी कौन थे और घटना को किस समय अंजाम दिया गया। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि पुष्कर सरोवर के घाटों पर स्थित मंदिरों और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर गंभीर कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved