Post Views 11
June 30, 2026
जोधपुर। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि जोधपुर एयरपोर्ट का नया टर्मिनल पश्चिमी राजस्थान के विकास को नई दिशा देगा। उन्होंने कहा कि 4 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा एयरपोर्ट के नए टर्मिनल के लोकार्पण के साथ ही क्षेत्र में विकास के नए युग की शुरुआत होगी।
शेखावत ने कहा कि यह केवल एक भवन का उद्घाटन नहीं है, बल्कि पर्यटन, व्यापार, निवेश और क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करने वाली बड़ी आधारभूत परियोजना है। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर उड़ान फेज-2 की भी शुरुआत होगी, जिससे क्षेत्रीय हवाई संपर्क को और गति मिलेगी।
अब एक साथ खड़े हो सकेंगे 12 विमान
गजेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि वर्ष 2014 तक जोधपुर एयरपोर्ट पर एक समय में केवल दो बड़े विमान ही खड़े हो सकते थे। रात में या खराब मौसम के दौरान विमानों की लैंडिंग के लिए भी पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जोधपुर एयरपोर्ट का व्यापक विस्तार किया गया है। अब यहां एक साथ 12 विमान खड़े किए जा सकेंगे। इसके साथ ही यात्रियों को संभालने की क्षमता भी करीब दस गुना बढ़ गई है।
महानगरों जैसी सुविधाओं से लैस होगा नया टर्मिनल
करीब 400 करोड़ रुपए की लागत से बना नया टर्मिनल वर्तमान एयरपोर्ट की तुलना में लगभग दोगुनी क्षमता वाला होगा। इसमें प्रतिवर्ष करीब 25 लाख यात्रियों के आवागमन की व्यवस्था की गई है।
नए टर्मिनल में छह एयरोब्रिज, आठ बोर्डिंग गेट, चार डिपार्चर गेट, 20 चेक-इन काउंटर और तीन बैगेज बेल्ट स्थापित की गई हैं। एयरक्राफ्ट एप्रन भी इतना बड़ा बनाया गया है कि एक साथ 12 विमान खड़े किए जा सकेंगे।
आधुनिक तकनीक से तैयार हुआ टर्मिनल
जोधपुर का नया एयरपोर्ट टर्मिनल मॉड्यूलर स्टील स्ट्रक्चर और जीएफआरसी तकनीक से निर्मित है। इसमें विशाल लाउंज क्षेत्र को केवल छह कॉलम के सहारे डिजाइन किया गया है, जिससे यात्रियों को खुला और आधुनिक अनुभव मिलेगा।
करीब तीन साल की निर्माण प्रक्रिया और सभी तकनीकी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद नया टर्मिनल अब उद्घाटन की दहलीज पर है। नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो यानी बीसीएएस से सुरक्षा संबंधी अंतिम मंजूरी मिलने के बाद अब तैयारियां उद्घाटन समारोह पर केंद्रित हैं।\
एएआई अधिकारियों ने लिया तैयारियों का जायजा
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के ऑपरेशनल कार्यकारी निदेशक एस.एस. राजू ने जोधपुर पहुंचकर नए टर्मिनल और यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा की और उद्घाटन से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया।
अधिकारियों ने टर्मिनल की यात्री सुविधा, सुरक्षा, बोर्डिंग व्यवस्था, बैगेज सिस्टम और संचालन संबंधी तैयारियों की जानकारी दी। उद्घाटन से पहले सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
उद्घाटन के बाद बढ़ सकती है उड़ानों की संख्या
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, उद्घाटन के कुछ सप्ताह बाद नए टर्मिनल से नियमित फ्लाइट संचालन शुरू होने की संभावना है। वर्तमान में जोधपुर से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, अहमदाबाद, पुणे और हैदराबाद के लिए नियमित उड़ानें संचालित हो रही हैं।
नए टर्मिनल के शुरू होने के बाद एयरलाइंस के लिए अतिरिक्त स्लॉट उपलब्ध होंगे। इससे नए शहरों के लिए उड़ानों की संभावना मजबूत होगी और जोधपुर सहित पूरे पश्चिमी राजस्थान को बेहतर हवाई संपर्क मिल सकेगा।
पर्यटन और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा
गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि जोधपुर एयरपोर्ट का विस्तार पर्यटन और व्यापार दोनों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर, पाली और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन, रक्षा, उद्योग और व्यापारिक गतिविधियों को इससे नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि उड़ान योजना के माध्यम से आम लोगों के लिए हवाई यात्रा अधिक सुलभ हुई है और नया टर्मिनल पश्चिमी राजस्थान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved