Post Views 41
June 15, 2026
टाटा पावर की घरों के नीचे लटकी विद्युत केबल में ओवर लोड पिकअप के गुजरने से हुआ बड़ा हादसा,
केबल जिस बालकनी में बंधी थी वो भरभरा कर गिरी,नीचे खड़ी 2 वेन ओर 2 ठेले हुए क्षतिग्रस्त
अजमेर क्लॉक टॉवर थाना अंतर्गत तोपदड़ा इलाके में सोमवार सुबह एक ओवरलोड पिकअप सड़क के ऊपर से गुजर रही मोटी इलेक्ट्रिक केबल में उलझ गई। पिकअप चालक घबराहट में पिकअप को भगाने लगा तो तारों के खींचने से तार जिस मकान की बालकनी में बंधा हुआ था जिसके चलते करीब 40 फीट लंबी बालकनी भरभराकर नीचे आ गिरी। बालकनी के नीचे खड़ी दो वैन और दो ठेले पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे से महज 10-15 मिनट पहले ही घटनास्थल पर बच्चे खेल रहे थे। हादसा वार्ड संख्या-59 स्थित तोपदड़ा क्षेत्र में वीर कुमार सर्किल के पास मुख्य चौराहे का है।
पूर्व पार्षद जितेंद्र अरोड़ा ने बताया कि घटना तोपदड़ा मुख्य चौराहे पर स्थित माथुर साहब के मकान की है। पिकअप में छत की ऊंचाई से भी ज्यादा माल लदा हुआ था। चौराहे से गुजरते समय वाहन ऊपर से गुजर रही मोटी इलेक्ट्रिक केबल में फंस गया। ड्राइवर ने गाड़ी रोकने के बजाय उसे आगे खींच दिया, जिससे तारों का दबाव सीधे मकान की बालकनी पर पड़ा और पूरी बालकनी उखड़कर नीचे गिर गई। हादसे के बाद चालक मौके से भागने लगा तो उसे पकड़ लिया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मकान में रहने वाली किराएदार महिला ने रोते हुए बताया कि उसकी बच्ची खाना खाने के बाद हाथ धो रही थी और कुछ ही क्षण पहले उस जगह से हटकर अंदर गई थी, जहां हादस हुआ। महिला ने कहा कि "मेरी बच्ची की जान सिर्फ दो मिनट के अंतर से बची है। अचानक जोरदार धमाका हुआ और पूरी बालकनी नीचे आ गिरी। अगर वह नीचे होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। अगर मेरे बच्चे को कुछ हो जाता तो जिम्मेदार कौन होता?" बालकनी गिरने से नीचे खड़ी दो वैन और दो ठेले क्षतिग्रस्त हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि ठेले और वाहन लगाकर रोजी-रोटी कमाने वाले लोगों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाए और उससे नुकसान की भरपाई करवाई जाए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने नगर निगम और टाटा पावर की टीम को बुलाया। मौके पर मलबा हटाने और क्षतिग्रस्त केबलों को सुरक्षित करने का काम शुरू किया गया। मौके पर क्लॉक टॉवर थाना पुलिस भी पहुंच गई और मामले की जांच में जुट गई ।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved