Post Views 41
June 15, 2026
अजमेर में महिला टीचर से दिनदहाड़े चेन लूट की कोशिश, हादसे में बाल-बाल बची
अजमेर। शहर के रामगंज थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक महिला टीचर से दिनदहाड़े चेन लूटने की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना रेलवे अस्पताल के पास की है, जहां बाइक सवार बदमाश ने स्कूटी पर जा रही महिला के गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन लूटने का प्रयास किया। झपट्टे के कारण महिला की स्कूटी अनियंत्रित होकर एक टेंपो से टकरा गई और वह सड़क पर गिर गई। गनीमत रही कि पीछे से आ रही कार समय रहते रुक गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
पीड़िता चंद्रवरदाई निवासी सुमन तंवर ने बताया कि वह अपने भाई एवं पूर्व पार्षद चंद्रशेखर बालोटिया के घर से लौट रही थीं। रेलवे अस्पताल के पास पहुंचते ही पीछे से आए एक बाइक सवार युवक ने उनके गले पर झपट्टा मारा। इस दौरान उनकी सोने की चेन टूटकर साड़ी के अंदर चली गई, जिससे बदमाश वारदात को अंजाम देने में सफल नहीं हो सका। घटना में महिला को चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर पूर्व पार्षद चंद्रशेखर बालोटिया सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। रामगंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपित की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी हुई है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved