Post Views 31
June 16, 2026
विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने जेएलएन अस्पताल में रोबोटिक सर्जरी का किया शुभारंभ
अजमेर चिकित्सा क्षेत्र में नए युग की शुरुआत- श्री देवनानी
> 18 करोड़ रूपए की लागत की मशीनें मुफ्त मिली
> अब संभाग के मरीजों को मिलेगी विश्वस्तरीय सर्जरी सुविधा
> अब सर्जरी के लिए नहीं जाना पडे़गा बड़े शहर
> अजमेर मेडिकल कॉलेज में पढ़े डॉ. सुधीर श्रीवास्तव की कंपनी ने दी है रोबोटिक मशीन
> पहले ही दिन तीन मरीजों के ऑपरेशन, तीनों स्वस्थ
अजमेर, 16 जून। जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय में चिकित्सा सेवाओं के क्षेत्र में एक ऎतिहासिक उपलब्धि जुड़ गई है। अस्पताल में अत्याधुनिक रोबोटिक सर्जरी विभाग का शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी के मुख्य आतिथ्य में आयोजित भव्य समारोह में किया गया। इस अवसर पर पहले ही दिन तीन मरीजों की सफल रोबोटिक सर्जरी की गई तथा सभी मरीज स्वस्थ हैं।
यह अत्याधुनिक रोबोटिक सर्जरी प्रणाली अजमेर मेडिकल कॉलेज के पूर्व छात्र एवं एसएसआई कंपनी के संस्थापक डॉ. सुधीर प्रेम श्रीवास्तव द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराई गई है। राजस्थान में इस प्रकार की सुविधा उपलब्ध कराने वाला यह प्रमुख सरकारी चिकित्सा संस्थान बन गया है, जिससे अजमेर संभाग के हजारों मरीजों को अब जटिल सर्जरी के लिए बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा।
समारोह को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि रोबोटिक सर्जरी विभाग का शुभारंभ अजमेर के चिकित्सा इतिहास में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में देश और प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का लगातार विस्तार हो रहा है तथा अजमेर भी चिकित्सा क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
उन्होंने कहा कि रोबोटिक सर्जरी तकनीक के माध्यम से मरीजों का ऑपरेशन छोटे चीरे, कम दर्द और अधिक सटीकता के साथ किया जा सकेगा। इससे मरीजों की रिकवरी भी शीघ्र होगी तथा अस्पताल में भर्ती रहने की अवधि कम होगी। उन्होंने बताया कि भविष्य में इस विभाग को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस तथा राज्य स्तरीय प्रशिक्षण केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
श्री देवनानी ने कहा कि जेएलएन अस्पताल में लगभग 190 करोड़ रुपये की लागत से सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक का निर्माण भी किया जाएगा। इसके लिए राशि स्वीकृत हो चुकी है तथा अब प्राचार्य स्तर पर संबंधित फर्म को लेटर ऑफ इंटेंट जारी करने की प्रक्रिया की जाएगी। इसके अतिरिक्त लगभग 50 करोड़ रुपये की लागत से अस्पताल के व्यापक नवीनीकरण का कार्य भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अजमेर को राजस्थान का नया चिकित्सा हब बनाना हमारा संकल्प है और उसी दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। स्वस्थ अजमेर हमारा ध्येय है तथा इसके लिए हम पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
संभागीय आयुक्त श्री शक्ति सिंह राठौड़ ने कहा कि रोबोटिक सर्जरी विभाग की स्थापना अजमेर के चिकित्सा क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने इसके लिए अस्पताल प्रशासन, मेडिकल कॉलेज, चिकित्सकों एवं समस्त मेडिकल टीम को बधाई देते हुए कहा कि विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी के विशेष सहयोग और मार्गदर्शन से चिकित्सा क्षेत्र में लगातार नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। अब इस उपलब्धि को और अधिक सशक्त बनाना पूरी टीम अजमेर की संयुक्त जिम्मेदारी है।
दानदाता एवं एसएसआई कंपनी के संस्थापक डॉ. सुधीर प्रेम श्रीवास्तव ने कहा कि मातृभूमि का आकर्षण उन्हें अमेरिका से भारत वापस खींच लाया। उन्होंने बताया कि उन्होंने अजमेर मेडिकल कॉलेज से चिकित्सा शिक्षा प्राप्त की है, इसलिए राजस्थान की पहली रोबोटिक सर्जरी मशीन अजमेर को समर्पित करना उनके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि कंपनी द्वारा चिकित्सकों एवं स्टाफ को आवश्यक प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा ताकि मरीजों को विश्वस्तरीय उपचार सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने बताया कि रोबोटिक सर्जरी आधुनिक चिकित्सा विज्ञान की अत्याधुनिक तकनीक है, जिससे मरीजों को कम दर्द, छोटा चीरा और कम समय में बेहतर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त होता है।
समारोह के दौरान डॉ. सुधीर प्रेम श्रीवास्तव का विशेष सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनिल सामरिया एवं जेएलएन अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अरविन्द खरे ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए रोबोटिक सर्जरी विभाग की उपयोगिता और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. महेश मेहता द्वारा किया गया। समारोह में चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े वरिष्ठ चिकित्सक, प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, नर्सिंग स्टाफ एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved