Post Views 01
June 11, 2026
अजमेर में युवक की चाकू मारकर हत्या, पुरानी रंजिश में वारदात से फैली सनसनी
अजमेर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना डिग्गी चौक के पास हुई, जहां पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में 20 वर्षीय बरकत पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए गए। गंभीर रूप से घायल बरकत को उपचार के लिए जेएलएन अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
कोतवाली थाना प्रभारी अनिल देव ने बताया कि रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच अस्पताल चौकी से सूचना मिली थी कि एक घायल युवक को अस्पताल लाया गया है। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मृतक बरकत मूल रूप से दिल्ली का निवासी था और करीब दो माह पूर्व अपने परिवार के साथ दरगाह क्षेत्र स्थित सिलावट मोहल्ला में रहने आया था। वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी शादी को अभी एक वर्ष ही हुआ था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि डिग्गी चौक के पास एक खानाबदोश युवक के साथ पुरानी रंजिश को लेकर उसका विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने बरकत पर चाकू से कई वार कर दिए। सूचना पर पहुंची एफएसएल टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी हैं और मामले की जांच जारी है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved