Post Views 21
June 11, 2026
अजमेर में रिटायर्ड अधिकारी से 21.37 लाख की साइबर ठगी, निवेश पर भारी मुनाफे का दिया था झांसा
अजमेर में शेयर मार्केट में निवेश कर भारी मुनाफा दिलाने का झांसा देकर एक रिटायर्ड अधिकारी से 21 लाख 37 हजार रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार पंचशील नगर, माकड़वाली रोड निवासी मूलचंद केवलानी एचएमटी से रिटायर्ड अधिकारी हैं। आरोपियों ने खुद को कोटक सिक्योरिटीज से जुड़ा अधिकारी और सेबी रजिस्टर्ड निवेश सलाहकार बताकर उनसे संपर्क किया। कॉल, व्हाट्सएप ग्रुप और विभिन्न व्यक्तियों के माध्यम से उन्हें शेयर बाजार में निवेश करने के लिए प्रेरित किया गया। विश्वास जीतने के लिए आरोपियों ने शुरुआत में निवेश पर कुछ राशि रिटर्न के रूप में पीड़ित के खाते में भेजी। इससे प्रभावित होकर मूलचंद केवलानी ने फरवरी से अप्रैल 2026 के बीच अलग-अलग बैंक खातों में कई चरणों में कुल 21. लाख 37 हज़ार रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर कर दी। इस दौरान उन्हें करीब 3. लाख रुपये रिटर्न भी मिला। बाद में आरोपियों के मोबाइल नंबर बंद हो गए और व्हाट्सएप ग्रुप भी निष्क्रिय हो गया, तब उन्हें ठगी का पता चला। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि उनका आईसीआईसीआई बैंक खाता डेबिट फ्रीज करवा दिया गया है। पुलिस बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल ट्रांजेक्शन की जांच कर रही है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved